Lockdown 4 : महिला ने की गृह मंत्रालय में शिकायत, फिर पुलिस ने ऐसे पहुंचाया राशन Hathras News

जलेसर रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी की एक महिला ने घर में राशन न होने की शिकायत हेल्प लाइन नंबर के जरिए गृह मंत्रालय से की।

By Sandeep SaxenaEdited By: Publish:Mon, 25 May 2020 09:40 AM (IST) Updated:Tue, 26 May 2020 04:14 PM (IST)
Lockdown 4 : महिला ने की गृह मंत्रालय में शिकायत, फिर पुलिस ने ऐसे पहुंचाया राशन Hathras News
Lockdown 4 : महिला ने की गृह मंत्रालय में शिकायत, फिर पुलिस ने ऐसे पहुंचाया राशन Hathras News

हाथरस [जेएनएन]: लॉकडाउन के चलते तमाम लोगों के काम धंधे पूरी तरह ठप हो गए हैं। जलेसर रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी की एक महिला ने घर में राशन न होने की शिकायत हेल्प लाइन नंबर के जरिए गृह मंत्रालय से की।  तत्काल संबंधित कोतवाली इंचार्ज को राशन महिला के घर पहुंचाने के निर्देश गृह मंत्रालय की ओर से दिए गए। कोतवाली सदर इंस्पेक्टर ने कांशीराम कॉलोनी पहुंचकर महिला को राशन उलब्ध कराया।

लॉकडाउन में काम हो गया बंद

कांशीराम कॉलोनी में मंजू देवी पत्नी अशोक कुमार अपने तीन छोटे बच्चों के साथ ब्लॉक 77 मकान नंबर 906 में रहती हैं। पति पीतल की मूर्ति ढलाई का कार्य करते हैं। लॉकडाउन हो जाने के कारण कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। दो दिन से महिला के घर में राशन नहीं था। मंजू पड़ोस में रहने वाली महिला कमलेश से चावल लेकर बच्चों का पेट भर रही थी।

गृह मंत्रालय से आया था फोन

राशन न होने की जानकारी महिला ने गृह मंत्रालय के द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर पर दी। महिला के यहां राशन न होने की जानकारी लगते ही गृह मंत्रालय से संबंधित क्षेत्र की कोतवाली सदर पर फोन आया। इंस्पेक्टर सदर जगदीशचंद्र स्वयं महिला के घर पहुंचे और महिला के परिवार को भरण पोषण के लिए 15 किलो आटा, एक किलो चावल, एक किलो दाल, एक किलो सरसों का तेल, एक किलो नमक उपलब्ध कराया। महिला ने बातचीत के दौरान बताया कि उसे चार मई को राशन मिला था। बुधवार को राशन खत्म होने पर पड़ोसी महिला से चावल उधार ले लिए थे। उसके परिवार में पति के अलावा तीन छोटे बच्चे जैकी, रॉकी और बेटी पायल है। पुलिस ने राशन उपलब्ध कराने के बाद अपने उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी। पुलिस द्वारा फोन करके आधे घंटे में ही राशन उपलब्ध करा दिए जाने पर महिला ने पुलिस की तारीफ की।

नहीं मिली कोई सूचना

डीएसओ सुरेंद्र यादव का कहना है कि हमारे पास इस संबंध में कोई सूचना नहीं आई है। महिला के घर राशन क्यों नहीं है, इसका पता लगाकर उसे राशन उपलब्ध कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी