अलीगढ़ में होमगार्ड को पीटकर एसएसपी से शिकायत करने पहुंच गई महिला

कहने लगी कि होमगार्ड ने छेड़छाड़ की है। एसएसपी ने थाने में जानकारी की तो पीड़ित होमगार्ड वहां पहले से मौजूद था। असली कहानी सामने आने पर एसएसपी ने महिला को थाने भिजवा दिया। इसके बाद होमगार्ड की तहरीर पर महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है हालांकि उसे मुचलके पर छोड़ दिया गया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 19 Feb 2021 02:03 AM (IST) Updated:Fri, 19 Feb 2021 02:03 AM (IST)
अलीगढ़ में होमगार्ड को पीटकर एसएसपी से शिकायत करने पहुंच गई महिला
अलीगढ़ में होमगार्ड को पीटकर एसएसपी से शिकायत करने पहुंच गई महिला

जासं, अलीगढ़ : क्वार्सी क्षेत्र में गुरुवार को अजीबो-गरीब मामला सामने आया। चिरवे बेचने वाली महिला का होमगार्ड से रुपयों को लेकर विवाद हुआ था। बात इतनी बढ़ी कि महिला ने होमगार्ड को पीट डाला। इसका वीडियो भी बना लिया, जिसे लेकर एसएसपी से शिकायत करने पहुंच गई। कहने लगी कि होमगार्ड ने छेड़छाड़ की है। एसएसपी ने थाने में जानकारी की तो पीड़ित होमगार्ड वहां पहले से मौजूद था। असली कहानी सामने आने पर एसएसपी ने महिला को थाने भिजवा दिया। इसके बाद होमगार्ड की तहरीर पर महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, हालांकि उसे मुचलके पर छोड़ दिया गया।

क्वार्सी पैंठ के पीछे एक महिला चिरवा (मुरमुरे) बेचती है। गुरुवार सुबह यहां क्वार्सी थाने में तैनात एक होमगार्ड चिरवा खरीदने पहुंचा था। होमगार्ड ने खेरीज थमाई तो महिला भड़क गई। इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि महिला ने अपने बच्चों के साथ होमगार्ड को घेर लिया और धुनाई कर दी। थप्पड़ मारने का वीडियो भी रिकार्ड कर लिया। जब महिला को इसका एहसास हुआ तो खुद के बचाव के लिए एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। यहां कहने लगी कि होमगार्ड छेड़छाड़ कर रहा था। इसे लेकर उसने होमगार्ड की पिटाई कर दी है। बाकायदा महिला ने एसएसपी को पिटाई का वीडियो भी दिखाया। मामला गंभीर दिखने पर एसएसपी मुनिराज ने थाना क्वार्सी से जानकारी की। पता चला कि पीड़ित होमगार्ड पहले से थाने में महिला के खिलाफ शिकायत लेकर बैठा था। पूरी कहानी सामने आई तो एसएसपी ने महिला को क्वार्सी थाने भिजवा दिया और इंस्पेक्टर को कार्रवाई के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर क्वार्सी छोटेलाल ने बताया कि होमगार्ड की तहरीर पर महिला, उसके बेटों समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल महिला को मुचलके पर छोड़ दिया है।

chat bot
आपका साथी