अलीगढ़ में धान के रेट गिरे तो किसानों का गुस्सा फूटा, सड़क पर लगाया जाम

अलीगढ़ जासं खैर कस्बा की अनाज मंडी में धान बेचने पहुंचे किसानों ने रविवार को जमकर हंगा

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 01:02 AM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 01:02 AM (IST)
अलीगढ़ में धान के रेट गिरे तो किसानों का गुस्सा फूटा, सड़क पर लगाया जाम
अलीगढ़ में धान के रेट गिरे तो किसानों का गुस्सा फूटा, सड़क पर लगाया जाम

अलीगढ़, जासं: खैर कस्बा की अनाज मंडी में धान बेचने पहुंचे किसानों ने रविवार को जमकर हंगामा किया। किसानों ने मंडी के बाहर सड़क पर ट्रैक्टर ट्राली खड़ी करके जाम लगा दिया। उनका आरोप था कि मंडी में आढ़ती बेहद कम दाम पर धान खरीद रहे हैं। सूचना पर कोतवाल प्रवेश कुमार पुलिसबल के साथ पहुंचे। उन्होंने और मंडी समिति सचिव सुनील शर्मा के साथ किसी तरह किसानों को समझाकर जाम खुलवाया।

रविवार को ऐंचना, अंडला, बामोती, कीरतपुर, मऊ, बांकनेर, अर्राना, गोमत, सुजानपुर, भमरौला, तकीपुर, सोफा विभिन्न गांवों से सैकड़ों किसान ट्रैक्टर ट्राली में धान लेकर बेचने के लिए पहुंचे थे। दुकानों पर अलग-अलग रेट की जानकारी पर किसान भड़क गए। किसानों का आरोप है कि चार-पांच दिन पहले मंडी में धान का रेट 3150 रुपये प्रति क्विंटल था, जो गिरकर 2750 रुपये प्रति क्विंटल रह गया है। किसानों ने कहा कि आढ़ती अच्छी किस्म के धान में कमी निकालकर सस्ते रेट पर बेचने के लिए किसान को मजबूर कर रहे हैं। इस पर किसान भड़क गए। किसानों ने एकजुट होकर पहले हंगामा किया। उसके बाद मंडी के गेट के बाहर ट्रैक्टर ट्राली लगाकर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम कुंवर बहादुर सिंह, सीओ मनीष शांडिल्य और मंडी समिति सचिव सुनील शर्मा पहुंच गए। उन्होंने किसानों की शिकायत को सुना और आढ़तियों से धान के भाव पूछे। मंडी सचिव के कहने पर आढ़तियों ने 11 रुपये प्रति क्विंटल धान का मूल्य बढ़ा दिया।

मंडी सचिव का कहना है कि एक सप्ताह पहले धान का मूल्य 3150 रुपये था। रेट ऊपर-नीचे होते रहते हैं। मंडी में प्रतिदिन 30 हजार क्विटल धान खरीद हो रही है। शनिवार को छुट्टी होने के कारण रविवार को एक लाख क्विंटल धान की खरीद हुई है। वहीं सुबह दस बजे से शुरू हुई बारिश दोपहर तक भी बंद नहीं हुई। बारिश की वजह से धान तुलाई का कार्य रुक गया।

chat bot
आपका साथी