शहर विधायक के कार्यालय के बगल में ही जलभराव, शहर का हाल क्या होगा Aligarh news
शहर में अभी तक लोग आगरा हाईवे पर भीषण जलभराव से जूझ रहे थे अब खैर रोड पर शहर विधायक के कार्यालय से कुछ दूरी पर जलभराव हो गया है। शनिवार को सड़क पर पानी ही पानी नजर आ रहा था।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता । शहर में अभी तक लोग आगरा हाईवे पर भीषण जलभराव से जूझ रहे थे, अब खैर रोड पर शहर विधायक के कार्यालय से कुछ दूरी पर जलभराव हो गया है। शनिवार को सड़क पर पानी ही पानी नजर आ रहा था। ऐसे लग रहा था कि मानों सड़क न हो कोई तालाब हो। करवाचौथ पर बाजार को निकली महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
आगरा हाइवे पर 20 दिनों से जलभराव
आगरा हाईवे पर शेखर सर्राफ मेमोरियल हास्पिटल के सामने 20 दिनों से भीषण जलभराव बना हुआ है। हाईवे से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। पानी हर समय हिलारे मारता रहता है। शहर विधायक संजीव राजा ने मौके पर निरीक्षण भी किया था, इसके बावजूद पानी की निकासी नहीं हुई। अभी भी आगरा हाईवे पर जलभराव है। लोगों का कहना है कि जब विधायक के पहुंचने पर अधिकारी पानी निकासी की व्यवस्था नहीं कर रहे हैं तो उनकी कौन सुनने वाला है? इससे प्रतीत होता है कि जलभराव की समस्या से निजात नहीं मिली। वहीं, शनिवार को खैर रोड पर शहर विधायक के कार्यालय से कुछ दूरी पर भीषण जलभराव हो गया। मुख्य मार्ग पर पानी होने से बाजार में खरीदारी को निकलने लोगों को काफी दिक्कत हुई। सबसे अधिक करवाचौथ के पूजन का सामान लेने निकलीं महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ी। जलभराव के चलते उन्हें पानी से होकर निकलना पड़ा। खरीदारी के लिए दुकानों पर खड़ा होना मुश्किल हो रहा था। पूजन सामग्री भी ठीक प्रकार से नहीं खरीद पाईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रविवार को करवाचौथ पर यदि ऐसी ही स्थिति रही तो उन्हें काफी परेशानी होगी। जलभराव के चलते ई-रिक्शा, बाइक सवारों आदि को अपने वाहन निकालना मुश्किल हो गया।
इनका कहना है
मेरे कार्यालय से कुछ दूरी पर जलभराव है। नाला चोक होने से ऐसी स्थिति बनी है। मैने मौके पर जाकर स्थिति देखी है। सफाई कार्य चल रहा है। रविवार को समस्या का समाधान हो जाएगा। साथ ही आगरा हाईवे पर भी जलभराव की समस्या से जल्द निजात मिलेगी।
संजीव राजा, शहर विधायक