अलीगढ़ में लीकेज ठीक कर शुरू कराई जलापूर्ति

जीवनगढ़ इलाके में दूषित पेयजल की है समस्या जल निगम की टीम ने घर-घर जाकर चेक किया पानी।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 02:05 AM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 02:05 AM (IST)
अलीगढ़ में लीकेज ठीक कर शुरू कराई जलापूर्ति
अलीगढ़ में लीकेज ठीक कर शुरू कराई जलापूर्ति

जासं, अलीगढ़ : जीवनगढ़ में दूषित पेयजल की आपूर्ति पर गुरुवार को हुए हंगामे के बाद सक्रिय हुई जल निगम की टीम दूसरे दिन भी लीकेज तलाशने में जुटी रही। नई वाटर लाइन के लीकेज ठीक कराकर जलापूर्ति शुरू करा दी गई। घर-घर जाकर पानी चेक किया गया। स्वच्छ पानी देख टीम ने राहत की सांस ली। पुरानी लाइन में समस्या अभी भी बनी हुई है। इसे ठीक कराया जा रहा है।

जीवनगढ़ में एक हफ्ते से लोग दूषित पानी की आपूर्ति से परेशान थे। वाटर लाइन के लीकेज से यह समस्या पैदा हुई थी। बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी तो लोग आक्रोश से भर उठे और केला नगर पर जाम लगाकर जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सपा और कांग्रेस नेता भी शामिल हो गए। लोगों ने बताया कि दूषित पानी पीने से कई बच्चे बीमार हो गए। आठ साल के अफ्फान की मौत हो गई। खबर पाकर नगर निगम व जल निगम के अधिकारी भी पहुंच गए थे। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने दो दिन में समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। तब जाकर लोग शांत हुए थे। जल निगम की टीम लीकेज ठीक करने में जुट गई। जल निगम के अधिशासी अभियंता पंकज रंजन ने बताया कि नई लाइन में अब लीकेज नहीं है। शुक्रवार को टीम ने घर-घर जाकर पानी चेक किया। पानी स्वच्छ था। पुरानी लाइन में लीकेज की समस्या अभी है। इसे ठीक करने के लिए नगर निगम की टीम लगी हुई है। जीएम जल अनवर ख्वाजा ने बताया कि किसी क्षेत्र में जलापूर्ति को लेकर समस्या नहीं होने दी जाएगी। वाटर टैंकरों की व्यवस्था भी करा दी गई है।

.........

पेयजल व्यवस्था न सुधरी तो

दूंगा धरना : जमीरउल्लाह

जीवनगढ़ में दूषित पानी की आपूर्ति पर पूर्व सपा विधायक जमीरउल्लाह ने कहा कि दो दिन में पेयजल व्यवस्था में सुधार न हुआ तो नगर निगम पर धरना दूंगा। शुक्रवार को वह मृतक अफ्फान और बीमार बच्चों के स्वजन से मिले। उन्होंने कहा कि नगर निगम और जल निगम की लापरवाही से ऐसा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग बीमार बच्चों की जांच कराए, स्वास्थ्य सुविधाएं भी मुहैया हों। कंट्रोल रूम से किसी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। जनता परेशान है। इस सरकार में सिर्फ समस्याएं ही समस्याएं हैं, समाधान कुछ नहीं। सड़कों पर डाली गईं वाटर लाइन से कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। गड्ढों को भरा नहीं जा रहा। प्रशासन को इस पर गौर करना चाहिए।

chat bot
आपका साथी