अलीगढ़ में प्रधानी के चुनाव में दिखा मतदाताओं का जोश

अलीगढ़ जागरण टीम जिले में दो स्थानों पर रविवार को प्रधानी के लिए मतदान हुआ। इस दौरान सुबह से बू

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 May 2021 10:17 PM (IST) Updated:Sun, 09 May 2021 10:17 PM (IST)
अलीगढ़ में प्रधानी के चुनाव में दिखा मतदाताओं का जोश
अलीगढ़ में प्रधानी के चुनाव में दिखा मतदाताओं का जोश

अलीगढ़, जागरण टीम: जिले में दो स्थानों पर रविवार को प्रधानी के लिए मतदान हुआ। इस दौरान सुबह से बूथों पर मतदाताओं की कतार रहीं। दोपहर मतदान की गति धीमी रही, लेकिन शाम को फिर कतार नजर आईं। अकराबाद के गाव दुभिया नगला बंजारा में 75 और गंगीरी के मदापुर में 70.3 फीसद वोट पड़े। इन दोनों क्षेत्रों में दो प्रत्याशियों का निधन होने के चलते 29 अप्रैल को मतदान नहीं हो सका था। इन दोनों क्षेत्रों की मतगणना 11 मई को होगी।

अकराबाद विकास के गाव दुभिया नगला बंजारा में प्रधान पद के लिए कुल 12 प्रत्याशी थे। इनमें शामिल हरपाल सिंह का निधन हो गया था। इसके चलते मतदान टाल दिया गया था। रविवार को यहा मतदान कराया गया। प्राथमिक विद्यालय दुभिया व नगला चितरौली में बूथ बनाए गए। मतदान के लिए सुबह से ही कतार लग गईं। किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए सीओ बरला सुमन कनौजिया के साथ थाना अकराबाद व कोतवाली विजयगढ़ का फोर्स मौजूद रहा। दोपहर बारह बजे तक मतदाताओं में जोश नजर आया। बाद में तेज धूप के चलते मतदाता कम ही निकले लेकिन शाम होते होते बूथों पर मतदाताओं की कतार नजर आई। 11 प्रत्याशियों के लिए शाम छह बजे तक मतदान चला। यहा कुल 3530 मतदाताओं में से 2647 ने वोट डाले।

बरला थाना क्षेत्र के गाव मदापुर में प्रधान पद के लिए कुल 13 प्रत्याशी थे, लेकिन श्यामवीर सिंह का निधन होने के चलते मतदान टाल दिया गया था। रविवार को प्राइमरी स्कूल में 12 प्रत्याशियों के लिए मतदान कराया गया। यहा कुल 2337 मतदाताओं में से 1643 ने वोट डाले। सुबह सात बजे से ही मतदान की तैयारी कर ली गई थी, लेकिन पहला वोट सुबह साढ़े सात बजे डल सका। इसका कारण मतदाताओं का देरी से आना बताया गया है। इसके बाद तो शाम छह बजे तक मतदाता आते रहे।

chat bot
आपका साथी