शादी समारोह में उत्पात, बरातियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, दूल्‍हे की बहन सहित कई घायल

हाथरस जागरण संवाददाता। कोतवाली सदर के आगरा रोड गिजरौली स्थित टाप रोड पर शादी समारोह में रविवार रात को कुछ असमाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। बारातियों को दौड़ा-दौड़ा कर खेतों में पीटा गया। मारपीट में दूल्हे की बहन सहित कई बाराती घायल हो गए।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Mon, 22 Nov 2021 04:29 PM (IST) Updated:Mon, 22 Nov 2021 04:35 PM (IST)
शादी समारोह में उत्पात, बरातियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, दूल्‍हे की बहन सहित कई घायल
आगरा रोड गिजरौली स्थित टाप रोड पर शादी समारोह में रविवार रात को कुछ असमाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया।

हाथरस, जागरण संवाददाता। कोतवाली सदर के आगरा रोड गिजरौली स्थित टाप रोड पर शादी समारोह में रविवार रात को कुछ असमाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। बारातियों को दौड़ा-दौड़ा कर खेतों में पीटा गया। मारपीट में दूल्हे की बहन सहित कई बाराती घायल हो गए। उत्पाती इतने पर ही नहीं रुके,समारोह में रखी कुर्सियों को तोड़ दिया। दूल्हे के जीजा ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर कोतवाली सदर में दी है।

खाना खाते समय हुआ विवाद

गांव टाप रोड निवासी अशोक कुमार की बेटी लीलावती की शादी आगरा के टेडी बगिया निवासी हरेंद्र के साथ तय हुई थी। रविवार रात को बारात चढ़त के बाद बाराती व घराती खाना खा रहे थे। तभी कुछ असमाजिक तत्व शादी समारोह में आ गए और महिलाओं व लड़कियों से बदतमीजी करने लगे। जब बारातियों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट कर दी गई। असमाजिक तत्वों ने बेल्ट व लात घूंसों से मारपीट कर दी। बारात में भगदड़ मच गई, लोग अपनी जान बचाने के लिए खेतों की तरफ दौड़े। खेतों में जाकर भी बारातियों के साथ मारपीट की गई। मारपीट में दूल्हे की बहन तनु व अमित निवासी अलीगढ़ सहित घायल हो गए। जिनका उपचार निजी अस्पताल में जाकर कराया गया। सूचना पर 112 डायल पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद भी उत्पाती शांत नहीं हुए तो कोतवाली सदर से काफी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। उत्पात से बाराती व लड़की पक्ष के लोग डर गए।

पुलिस की मौजूदगी में हुआ विवाह

पुलिस की मौजूदगी में ही शादी समारोह को पूर्ण कराया गया। सुबह चार बजे पुलिस की मौजूदगी में दुल्हन की विदा आनन फानन में करा दी गई। दुल्हे के जीजा श्यामसुंदर निवासी गांव अदेला, थाना खंदोली ने मारपीट व तोड़फोड़ करने की तरहीर पुलिस को दी। पुलिस अब तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर रही है। वादी का आरोप है कि बाराती शादी समारोह में खाना खा रहे थे। तभी कुछ युवक नशे की हालत में आए और उन्होंने बारातियों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा। महिलाओं व लड़कियों से छेड़छाड़ भी की गई।

इनका कहना है

शादी समारोह में बारातियों के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में आते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। दो बारातियों का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। तहरीर के आधार पर दो नामजद व अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

जेपी यादव, चौकी प्रभारी, आगरा रोड।

chat bot
आपका साथी