पानी के लिए तरसे अलीगढ़ शहर से सटे गांव
वाटर लाइन बिछाने के बाद भी नहीं पहुंचा गांवों में पानी - सराय हरनारायण धनीपुर और क्वार्सी क्षेत्र भी हैं प्रभावित।
जासं, अलीगढ़ : शहरी सीमा में शामिल गांव मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। सड़क-सफाई छोड़िए, यहां पीने के पानी तक के लाले हैं। पंचायतें रहीं नहीं, जो ग्रामीण अपनी पीड़ा सुना सके। नगर निगम अधिकारी भी अनसुना कर देते हैं। कहने को तो कुछ गांवों में वाटर लाइन बिछा दी गई हैं, लेकिन पानी अब तक नहीं आया। ओवरहेड टैंक भी सूखे पड़े हैं। हैंडपंप एक बार खराब हुए तो सही न हो सके। भीषण गर्मी में इन इलाकों के हालात बेहद खराब हैं।
आगरा रोड स्थित सराय हरनारायण, सराय बुर्ज भी उन 19 गांवों में हैं, जो नगर निगम में शामिल हुए थे। सराय हरनारायण निवासी योगेश गुप्ता बताते हैं कि दो साल पहले तत्कालीन कमिश्नर अजयदीप सिंह की गांव में चौपाल लगी थी। क्षेत्रीय लोगों ने सड़क, सफाई के साथ पेयजल संकट से भी अवगत कराया था। तब उन्होंने गांव में नलकूप लगाकर पेयजल आपूर्ति के आदेश दिए। सराय हरनारायण से सटे गांव सराय बुर्ज में एक ओवरहेड टैंक पोखर पर बनवा दिया गया, वाटर लाइन भी बिछा दी गई। लेकिन, नलकूप गांव में न लगाकर मथुरा रोड स्थित कृष्णाधाम कालोनी में बनवा दिया गया। इससे पानी की समस्या बनी रही। अधिकारियों से लगातार पत्राचार किया गया। बाद में साकेत विहार स्थित नलकूप से वाटर लाइन जोड़ दी गई। जिससे मांग के मुताबिक पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। गांव में 35 हैंडपंप हैं, जिनमें से पांच-छह ही पानी दे रहे हैं, बाकी खराब पड़े हैं। दोनों गांव पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। यही हाल जीटी रोड स्थित धनीपुर का है। यहां ओवरहेड टैंक बनवा दिया गया है, लेकिन इसमें पानी नहीं पहुंचा। भाजपा नेता राकेश सिंह बताते हैं कि ओवरहेड टैंक बने दो साल हो चुके हैं, लेकिन पानी नहीं आया। शिकायतें हुईं तो अधिकारियों ने आश्वासन देकर लोगों को शांत कर दिया। एक दर्जन से अधिक हैंडपंप खराब हैं। यही सही हो जाएं तो पानी की समस्या का कुछ हद तक निदान हो सकता है। क्वार्सी, असदपुर, धौर्रा आदि क्षेत्रों में भी पेयजल की समस्या है।
नहीं उठते फोन : भाजपा नेता राकेश सिंह का आरोप है कि पानी की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने जो मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए हैं, वे उठते ही नहीं। वाट्सएप नंबर पर दिए संदेश का भी जवाब नहीं आता है। ऐसे नंबरों को सार्वजनिक करने का क्या औचित्य है।
.......
पानी की समस्या के निस्तारण के लिए स्पष्ट आदेश हैं। जलकल विभाग की टीम भी तैयार की गई है, जो शिकायतों का निस्तारण कराएगी। किसी स्तर से लापरवाही मिली तो कार्रवाई करेंगे।
प्रेम रंजन सिंह, नगर आयुक्त
.......
फोटो, 12)
भगवान नगर व कबीर
नगर में नलकूप शुरू
जासं, अलीगढ़ : वार्ड नौ में भगवान नगर व वार्ड तीन में कबीर नगर में जल निगम ने नलकूप शुरू करा दिए हैं। रविवार को शहर विधायक संजीव राजा ने दोनों नलकूपों का उद्घाटन किया। इन दोनों क्षेत्रों में पानी की समस्या थी। क्षेत्रीय लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं। अमृत योजना के तहत इन क्षेत्रों में नलकूप स्थापित कराए गए हैं। विधायक ने कहा कि सभी वार्डों में पेयजल की आपूर्ति के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। प्रयास रहेगा कि हर घर को पेयजल की आपूर्ति की जा सके।