अलीगढ़ के इगलास में खूनी संघर्ष के दौरान तलवार देख सहमे ग्रामीण

इगलास क्षेत्र के गांव टीकापुर में हुए खूनी संघर्ष के बाद गांव के लोग घबराए हुए थे। तलवारबाजी को देखकर ग्रामीण इस कदर सहम गए कि घंटों घरों में दुबके रहे।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 19 May 2021 01:49 AM (IST) Updated:Wed, 19 May 2021 01:56 AM (IST)
अलीगढ़ के इगलास में खूनी संघर्ष के दौरान तलवार देख सहमे ग्रामीण
अलीगढ़ के इगलास में खूनी संघर्ष के दौरान तलवार देख सहमे ग्रामीण

जासं, अलीगढ़ : इगलास क्षेत्र के गांव टीकापुर में हुए खूनी संघर्ष के बाद गांव के लोग घबराए हुए थे। तलवारबाजी को देखकर ग्रामीण इस कदर सहम गए कि घंटों घरों में दुबके रहे। घटना के दौरान 50-60 मीटर तक दोनों परिवारों के लोग भागते दिख रहे थे। चीख-पुकार के बीच गांव में अफरा-तफरी मची रही।

टीकापुर इगलास से सटा है। गांव में पहली बार इतनी बड़ी घटना हुई है। बताया जा रहा है कि जिस युवक के हाथ में तलवार लगी थी, उसके सिर पर खून सवार था। दोनों पक्षों का घर अगल-बगल में हैं, लेकिन घर से करीब 60 मीटर दूर तक दोनों पक्ष भिड़ते नजर आए। चीख पुकार के बीच गांव के लोग भी इधर-उधर दौड़ लगाते रहे। कुछ ने हिम्मत करके बीचबचाव करने की भी कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। घटना के बाद कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं था।

मृतक के घर में कलह की चर्चा : परिवार के लोगों में विवाद होने के कारण गांव वाले कुछ भी कहने से बच रहे हैं। चर्चा है कि मृतक के घर में घरेलू कलह भी चल रही थी। पुष्पेंद्र का स्वजन से झगड़ा होता रहता था। घरेलू कलह से परेशान होने के कारण पुष्पेंद्र ने मंगलवार को मामूली विवाद को इतना बढ़ा दिया। पुलिस घटना के प्रत्येक पहलू पर जांच कर रही है।

पुष्पेंद्र ने कर रखी थी बीटेक : पुष्पेंद्र छह भाइयों में सबसे बड़ा था। उसने पत्नी नीतू व एक बेटे को छोड़ा है। पुष्पेंद्र ने बीटेक की पढ़ाई कर रखी थी। कुछ दिन प्राइवेट जाब भी की। इस समय घर पर ही रह रहा था।

कैसे हुई पुष्पेंद्र की मौत : संघर्ष में पुष्पेंद्र की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दूसरे पक्ष के तीन लोग घायल हुए हैं। इसमें एक का हाथ भी कट गया। सवाल है कि घायलों ने पुष्पेंद्र को कैसे मार दिया? पुष्पेंद्र के शरीर पर गंभीर चोट का निशान नहीं था।

chat bot
आपका साथी