हरियाणा से जुड़ेगा यूपी, अलीगढ़ के मालव में 110 करोड़ रुपये से बनेगा यमुना पर पुल

मथुरा से 84 कोसी परिक्रमा अलीगढ़ के टप्पल के मालव से होकर निकलती है। यहां यमुना नदी भी परिक्रमा मार्ग में आती है। पुल न होने से नाव से नदी पार करनी पड़ती है। मालव समेत आसपास के गांवों के लोग भी हसनपुर व पलवल नाव से ही जाते हैैं।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Publish:Fri, 23 Oct 2020 01:40 PM (IST) Updated:Fri, 23 Oct 2020 01:40 PM (IST)
हरियाणा से जुड़ेगा यूपी, अलीगढ़ के मालव में 110 करोड़ रुपये से बनेगा यमुना पर पुल
यमुना पर पलवल जिले के हसनपुर व अलीगढ़ के मालव के बीच पुल निर्माण होगा।

सुरजीत पुंढीर, अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश व हरियाणा की दूरी कम करने के लिए योगी सरकार ने यमुना पर पलवल जिले के हसनपुर व अलीगढ़ के मालव के बीच पुल निर्माण को मंजूरी दे दी है। 110 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण होगा। 24 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी भी कर दी गई है। दो साल में निर्माण कार्य पूरा करना होगा। पुल एक किमी लंबा होगा। पुल के बनने से पश्चिमी यूपी के अलीगढ़ समेत कई जिलों को फायदा होगा। ब्रज 84 कोस की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को यमुना को पैदल पार नहींं करना पड़ेगा। 

यह है  हालात

मथुरा से 84 कोसी परिक्रमा अलीगढ़ के टप्पल के मालव से होकर निकलती है। यहां यमुना नदी भी परिक्रमा मार्ग में आती है। पुल न होने से श्रद्धालुओं को नाव से नदी पार करनी पड़ती है।  मालव समेत आसपास के गांवों के लोग भी हसनपुर व पलवल नाव से ही जाते हैैं। किसानों को टप्पल-जट्टारी होते हुए पलवल मंडी जाना पड़ता है। अलीगढ़ के लोगों को पलवल पहुंचने में 15 किमी ज्यादा चलना पड़ता है। काफी समय से स्थानीय लोग यमुना नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे।

सरकार ने मांगा प्रस्ताव

डेढ़ साल पहले सरकार ने इस पुल के निर्माण का प्रस्ताव मांगा था। मालव व हसनपुर के बीच पुल निर्माण के लिए 120 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया। इसमें 500 मीटर पुल व इतना ही एप्रोच रोड के निर्माण का प्रस्ताव था। शासन स्तर से पुल की स्वीकृति देने से पहले हरियाणा सरकार से संपर्क किया गया। वहां से अनापत्ति जारी कर दी गई। 

24 करोड़ अवमुक्त : शासन ने पुल निर्माण को मंजूरी दे दी है। राज्य सेतु निगम को निर्माण की जिम्मेदारी दी है। 110 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है। पहली किस्त के रूप में 13 अक्टूबर को 24 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैैं। 

क्या कहते हैं अधिकारी 

जिला अधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार जिले को कई बड़े प्रोजेक्ट दिए हैं। यमुना पर पुल का निर्माण भी प्रमुख प्रोजेक्ट है। इससे हरियाणा व यूपी के लोगों को फायदा होगा।  सेतू निगम के उप परियोजना प्रबंधक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि शासन ने मालव व हसनपुर के बीच पुल निर्माण को स्वीकृति दे दी है। पुल निर्माण को 110 करोड़ स्वीकृति हुए हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी