अलीगढ़ में कार पलटने से दो की मौत, छह घायल

दिल्ली से अंतिम संस्कार में शामिल होकर कायमगंज फर्रूखाबाद के लिए लौट रही कार पलट गई।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 09:58 PM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 09:58 PM (IST)
अलीगढ़ में कार पलटने से दो की मौत, छह घायल
अलीगढ़ में कार पलटने से दो की मौत, छह घायल

अलीगढ़ : दिल्ली से अंतिम संस्कार में शामिल होकर कायमगंज फर्रूखाबाद के लिए लौट रही कार गंगीरी क्षेत्र के गांव भिलावली मोड़ के निकट पेड़ से टकराकर पलट गई। इसमें बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को छर्रा भेज दिया है। जहां से दो गंभीर घायलों को अलीगढ़ रेफर कर दिया।

थाना पटियाली (कासगंज) क्षेत्र के गांव नगला सेंजन निवासी हेमराज सिंह वर्षों से दिल्ली में मय परिवार रह रहे थे। गुरुवार को हेमराज की दिल्ली में मौत हो गई। इस सूचना पर जिला फर्रूखाबाद के कस्बा कायमगंज निवासी रिश्तेदार कार से अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। सभी लोग अंतिम संस्कार के बाद कायमगंज लौट रहे थे। शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे चालक मनोज को नींद आ गई और पलक झपकते ही अलीगढ़-गंगीरी मार्ग पर गांव भिलावली मोड़ के निकट गाड़ी सड़क किनारे पेड़ से टकराकर खाई में पलट गई। गाड़ी पलटते ही वहां चीखपुकार मचने लगी। मौके पर ही ट्रांसपोर्ट नगर कायमगंज निवासी 32 साल के सनोज कुमार पुत्र जीवन तथा 45 साल की रूमा देवी पत्नी मुन्नालाल की मौत हो गई। सूचना पर तत्काल दारोगा नरेश कुमार मय पुलिस बल के मौके पर पहुंच गए और घायल आशा, सरिता, सुमंत, जीवन यादव, कंचन तथा मनोज को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र छर्रा भेजा। जहां से डाक्टरों ने कंचन तथा मनोज को गंभीर अवस्था में अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। इसकी सूचना पुलिस ने फोन के माध्यम से मृतकों के स्वजनों को दी। मौत की खबर पर दोनों घरों में कोहराम मच गया।

कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल: गभाना क्षेत्र के हाईवे पहावटी मोड़ पर कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती घायल हो गए। सासनीगेट के खिरनीगेट निवासी धीरज कुमार शुक्रवार सुबह पत्नी पिकी देवी के साथ बाइक से बुलंदशहर से एक गमी में शामिल होकर अलीगढ़ लौट रहे थे। तभी हाईवे पहावटी मोड़ पर पीछे से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों ने घायलों को कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

chat bot
आपका साथी