भाजपा विधायक के कार्यालय पर भिड़े दो गुटों में मारपीट और पथराव, सीसीटीवी में घटना कैद Aligarh News

गभाना मेंं बरौली के भाजपा विधायक ठा. दलवीर सिंह के कस्बा स्थित कार्यालय पर बुधवार को विवाद हो गया। विधायक के रिश्तेदार व गांव के कुछ लोगों में मामूली कहासुनी को मारपीट हुई। इस दौरान पथराव भी हुआ। इसमें चार-पांच लोग घायल हुए हैं।

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 08:31 AM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 08:31 AM (IST)
भाजपा विधायक के कार्यालय पर भिड़े दो गुटों में मारपीट और पथराव, सीसीटीवी में घटना कैद Aligarh News
भाजपा विधायक ठा. दलवीर सिंह के कार्यालय पर विवाद हो गया।

अलीगढ़, जेएनएन। गभाना मेंं बरौली के भाजपा विधायक ठा. दलवीर सिंह के कस्बा स्थित कार्यालय पर बुधवार को विवाद हो गया। विधायक के रिश्तेदार व गांव के कुछ लोगों में मामूली कहासुनी को मारपीट हुई। इस दौरान पथराव भी हुआ। इसमें चार-पांच लोग घायल हुए हैं। दोनों ओर से मामले दर्ज कराए गए हैैं। एक पक्ष ने महिला से छेड़छाड़ व मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने मारपीट, कार्यालय में तोडफ़ोड़ करने का आरोप लगाया है। अस्वस्थ्य होने के बाद भी विधायक देर रात तक थाने पर मौजूद रहे।  

यह है मामला

घटना शाम करीब सवा चार बजे की है। क्षेत्र के गांव ग्वालरा के सत्येंद्र पाल सिंह उर्फ भोला विधायक के करीबी रिश्तेदार हैं। सत्येेंद्र पाल सिंह ने रिपोर्ट में कहा है कि गांव से उनकी पत्नी स्वाति सिंह प्रधान बनी हैैं। वे बड़े भाई रेशमपाल सिंह व अन्य लोगों के साथ विधायक के कार्यालय पर बैठे थे। कार्यालय के ऊपरी हिस्से में बने कमरे में गांव का भूपेंद्र कुमार उर्फ सोनू रहता है, जिनके यहां एक लड़की जा रही थी। इसे रोक कर जाने का कारण पूछा तो उसने बताया कि वह भूपेंद्र से मिलने अक्सर आती है। तभी भूपेंद्र उर्फ सोनू आ गया और लड़की को साथ ले जाने लगा। विरोध पर लड़की ने छेडख़ानी व दुष्कर्म के मुकदमे में फंसा देने की धमकी दी और अपने भाई जितेंद्र सिंह, कपिल कुमार, गांव के ही प्रदीप कुमार उर्फ दीपू, भूपेंद्र कुमार, अविनाश, राजा, राहुल आदि 10-15 लोगों को बुला लिया। इन्होंने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। कार्यालय पर पथराव कर खिड़की दरवाजे, सीसीटीवी कैमरे आदि सामान को तोड़ डाला। यह घटना सीसीटीवी में भी कैद हुई है। छत से पथराव करने के दौरान कपिल गिर गया और उसके हाथ में चोट पहुंची है। कार्यालय की टेबल में रखे करीब एक लाख रुपये भी गायब हो गए है। 

दूसरे पक्ष ने लगाया आरोप

दूसरे पक्ष से युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें आरोप है कि वह विधायक के कार्यालय के पास कंप्यूटर सेंटर में काम कर रही थी। तभी ग्वालरा निवासी अभिषेक, विवेक, रामपुर निवासी विपिन कुमार आ गए और उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विरोध पर उसे रिवाल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबे पर कपिल व सोनू आ गए। इस पर सत्येंद्र सिंह उर्फ भोला, रेशमपाल सिंह व तीन-चार अन्य लोगों ने हमला बोल दिया, जिससे कपिल की बाजू में गंभीर चोट आई है। 

थाने पर लगा रहा जमघट

इस प्रकरण में दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग देर रात तक थाने पर जमे रहे। विधायक का कहना है कि हमलावरों ने उनके रिश्तेदारों के साथ न केवल मारपीट की है। बल्कि, कार्यालय पर भी तोडफ़ोड़ की है। सारी सच्चाई सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से साफ हो जाएगी।

प्रथम दृष्टया मामला मारपीट का लगता है। पथराव में दोनों पक्षों के चार-पांच लोग जख्मी हुए हैं। इनका डाक्टरी परीक्षण कराया गया है। दोनों ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

- कर्मवीर सिंह, सीओ गभाना

chat bot
आपका साथी