अलीगढ़ के जीवनगढ़ में हजारों महिलाएं सड़क पर, इंटरनेट पर पाबंदी बढ़ी, आज रात 12 बजे तक इंटरनेट बंद Aligarh news

सीएए के खिलाफ शहर मेंं क्वार्सी बाइपास स्थित जीवनगढ़ पुलिया पर महिलाओं का धरना गुरुवार को भी जारी है। हजारों महिलाएं सड़क पर डेरा डाले हैं। पुरुषों का भी उन्हें सहयोग मिल रहा है।

By Sandeep SaxenaEdited By: Publish:Wed, 26 Feb 2020 12:27 PM (IST) Updated:Thu, 27 Feb 2020 01:52 PM (IST)
अलीगढ़ के जीवनगढ़ में हजारों महिलाएं सड़क पर, इंटरनेट पर पाबंदी बढ़ी, आज रात 12 बजे तक इंटरनेट बंद Aligarh news
अलीगढ़ के जीवनगढ़ में हजारों महिलाएं सड़क पर, इंटरनेट पर पाबंदी बढ़ी, आज रात 12 बजे तक इंटरनेट बंद Aligarh news

अलीगढ़, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ शहर मेंं क्वार्सी बाइपास स्थित जीवनगढ़ पुलिया पर महिलाओं का धरना गुरुवार को भी जारी है। हजारों महिलाएं सड़क पर डेरा डाले हैं। पुरुषों का भी उन्हें सहयोग मिल रहा है। टकराव के भी हालात बने हुए हैं। ऊपरकोट पर शांति बनी हुई है। मंगलवार को अलीगढ़ के हालात पर मुख्यमंत्री ने डीएम चंद्रभूषण सिंह से दिन में पांच बार बात की। धरनास्थलों पर पुलिस बल तैनात है। ऊपरकोट कोतवाली में सीसीटीवी कैमरा तोडऩे पर एक और मुकदमा आठ लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है। रविवार से अब तक यह 13वां मुकदमा है। ड्रोन कैमरे में जिन मकानों की छतों पर पत्थर मिले हैैं, उनके मालिकों को नोटिस देेने की तैयारी है। एडीजी आगरा जोन अजय आनंद भी अलीगढ़ में डेरा जमा लिया है। उन्होंने अधिकारियों संग बैठक कर हालात का जायजा लिया। प्रशासन इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध और बढ़ा दिया है। अब गुरुवार रात 12 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।

जीवनगढ़ में अफसरों ने महिलाओं को समझाया

जीवनगढ़ पुलिया पर सोमवार दोपहर बाद महिलाएं धरने पर बैठी थीं। पुलिस अफसरों ने उन्हें समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन नहीं मानीं। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं पूरी रात धरने पर बैठी रहीं। उनके आसपास ही पुरुष चादर बिछाकर सड़क पर सोए। पुलिस भी रातभर जमी रही। मंगलवार सुबह से ही भीड़ बढऩे लगी। दोपहर में हजारों महिलाएं धरने पर थीं। सैकड़ों की संख्या में पुरुष भी उनके इर्द-गिर्द थे। महिलाओं ने मीडियाकर्मियों तक को अपनी ओर नहीं आने दिया। पुलिस से भी कई बार नोकझोंक हुई।

शाहजमाल में 30 वें दिन धरना जारी

 शाहजमाल में महिलाओं का धरना 30वें दिन भी जारी रहा। एएमयू के चुंगी गेट पर भी कुछ महिलाएं बैठी रहीं। होली को देखते हुए मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस विशेष नजर रख रही है। शहर में तनाव को देखते हुए एडीजी अजय आनंद ने एसएसपी मुनिराज जी व अन्य अधिकारियों संग बैठकर कर धरना प्रदर्शन की जानकारी ली।

शासन की भी हालातों पर नजर 

अलीगढ़ के हालात पर शासन की भी नजर है। प्रशासन पल-पल की खबर दे ही रहा है, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी खुद हालात पर नजर रखे हैं। मंगलवार को भी मुख्यमंत्री ने पांच बार डीएम से बात कर हालात जाने।

पेट्रोल पंप पर रोकी बिक्री

बोतल में पेट्रोल देने पर जिला प्रशासन ने भुजपुरा क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप को चिह्नित किया है। अफसरों की मानें तो रविवार को ऊपरकोट पर हुए बवाल वाले दिन इसी पेट्रोल पंप से बोतलों में पेट्रोल दिया गया था। उस दिन उपद्रवियों ने पेट्रोल बम का इस्तेमाल किया था। फिलहाल इस पेट्रोल पंप से पेट्रोल की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

छतों पर पत्थर, नोटिस की तैयारी

शहर के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही है। जिन मकानों की छतों पर पत्थर मिले हैैं, उनके मालिकों को पुलिस प्रशासन ने नोटिस देने की तैयारी कर ली है। उनसे पूछा जाएगा कि पत्थर क्यों इकट्ठे किए।

अहम बिंदु

- इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध 24 घंटे और बढ़ाया गया

- शहर के हालात पर सीएम ने डीएम से पांच बार की बात

- एडीजी आगरा जोन अजय आनंद पहुंचे अलीगढ़, लिया जायजा

- संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से नजर, ईंट-पत्थर के टुकड़े मिलने पर मकान मालिकों को नोटिस की तैयारी

- शाहजमाल व एएमयू के चुंगी गेट पर भी धरना जारी

- होली के मद्देनजर मिश्रित इलाकों पर पुलिस की विशेष नजर

chat bot
आपका साथी