प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलीगढ़ में कार्यक्रम में हाथरस से हजारों भाजपाई पहुंचे Hathras News
अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप राज्य विश्वविद्यालय और डिफेंस कारिडोर के शिलान्यास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जनपद से हजारों भाजपा कार्यकर्ता रवाना हो गए। जनपद की तीनों विधानसभाओं से बस व निजी वाहनों से कार्यकर्ता रवाना हो गए।
हाथरस, जागरण संवाददाता। अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप राज्य विश्वविद्यालय और डिफेंस कारिडोर के शिलान्यास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जनपद से हजारों भाजपा कार्यकर्ता रवाना हो गए। जनपद की तीनों विधानसभाओं से बस व निजी वाहनों से कार्यकर्ता रवाना हो गए।
जनपद से 20 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता ले जाने का मिला लक्ष्य
पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सांसद, विधायक और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ अलीगढ़ में मीटिंग की थी। इसमें जनपद से 20 हजार कार्यकर्ताओं को ले जाने का लक्ष्य रखा गया था। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से एक दिन पहले सोमवार को भी जनप्रतिनिधियों के साथ मीटिंग कर उनसे कार्यकर्ताओं को लाने की जानकारी की थी। मुख्यमंत्री का रुख देखते हुए जनप्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी पदाधिकारी कई दिन से लगे हुए थे। हाथरस विधानसभा के कार्यकर्ता विधायक हरीशंकर माहौर के नेतृत्व में गए। अलीगढ़ रवाना होने से पहले सासनी में एक ढावे से वाहनों को रवाना किया गया।
सिकंदराराऊ से भारी मात्रा में कार्यकर्ता विधायक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में गए
वहीं सिकंदराराऊ क्षेत्र के कार्यकर्ता विधायक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में गए। सादाबाद से भी कार्यकर्ता बसों और निजी वाहनों से गए हैं। कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए स्कूली बसों के अलावा निजी व रोडवेज बसें भी लगाई गई हैं। उधर, तीनों विधानसभाओं से पार्टी की ओर से दावेदार भी जुटे रह हैं। सोमवार को भाजपा के जिला प्रभारी चौ.देवेंद्र सिंह ने भी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की थी। कार्यकर्ताओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए साथ में पैकेट भी भेजे गए हैं।
डिफेंस कारिडोर से बदलेगी अलीगढ़ की सूरत
जिले के विकास का सपना जमीन पर उतरने की मंगलवार को प्रधानमंत्री के हाथों नींव रखी जानी है। आने वाले दिनों में डिफेंस कारिडोर से अलीगढ़ की सूरत बदल जाएगी। खैर के गांव अंडला में विकसित होने वाले इस कारिडोर में रक्षा हथियार और उनके कलपुर्जे बनेंगे। इसके लिए कई बड़ी फैक्ट्री स्थापित होंगी। इसे चार चरण में विकसित किया जाना है। पहले चरण में 12 निवेशकों को जमीन आवंटित कर कब्जे दिए गए हैं। फैक्ट्रियों के लिए नक्शे बनवाए जा रहे हैं। करीब दो साल में पहले चरण की फैक्ट्रियों में उत्पादन शुरू होने की संभावना है। दूसरे चरण के लिए जमीन आवंटन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कारिडोर में स्थापित होने वाली फैक्ट्रियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से 10 हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा।