अलीगढ़ में अकूत संपत्ति जुटाने वाले अफसरों की हो जांच

उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने अफसरों पर जीएसटी के रिफंड व आडिट के नाम पर रिश्वत मांगने का लगाया आरोप।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 08:24 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 08:24 PM (IST)
अलीगढ़ में अकूत संपत्ति जुटाने वाले अफसरों की हो जांच
अलीगढ़ में अकूत संपत्ति जुटाने वाले अफसरों की हो जांच

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल, अलीगढ़ महानगर कार्यकारिणी की रविवार को रेलवे रोड समर्पण कांप्लेक्स स्थित कार्यालय पर बैठक हुई। व्यापारियों ने जीएसटी के रिफंड व आडिट के नाम पर अफसरों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। महानगर अध्यक्ष सतीश माहेश्वरी ने कहा कि अकूत संपत्ति जुटाने वाले भ्रष्ट अफसरों की कमाई की जांच की जाए। इसके लिए सीबीआइ के नेतृत्व में संदिग्ध अफसरों के घरों पर छापे मारे जाएं। देश का मोटा धन अफसर ही दबाए बैठे हैं। जूता, कपड़ा व अन्य उपयोगी वस्तुओं पर पांच के स्थान पर 12 प्रतिशत जीएसटी की दरों का विरोध किया जाएगा। इन मामलों को लेकर आंदोलन की प्रस्तावित तिथियों को प्रदेश मुख्यालय भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति मिलने पर आंदोलन किया जाएगा।

सतीश माहेश्वरी ने आरोप लगाया है कि बिना रिश्वत के व्यापारी व उद्यमियों को रिफंड वापस नहीं किया जा रहा है। ऐसे अफसरों की सूची तैयार की जा रही है। इनकी पीएम व सीएम से शिकायत की जाएगी। रिफंड व आडिट के नाम पर व्यापारियों का शोषण व उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। माहेश्वरी ने केंद्रीय वित्त मंत्रालय को प्री बजट की मांग व सुझाव भेजने का भी निर्णय लिया है।

महानगर कोषाध्यक्ष श्रीकिशन गुप्ता ने सरकार से टैक्स के पैसों से फ्री वाली घोषणाओं पर रोक लगाने की मांग की है। कहा, इससे लोगों में काम करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। संचालन महानगर महामंत्री दिनेश कुमार अग्रवाल ने किया। कार्यकारिणी में नए 21 सदस्यों को स्थान दिया गया।नए कार्यकारिणी सदस्य संगीता अग्रवाल, विकास शर्मा, पवन कुमार (पाली), अनिल कुमार अग्रवाल ,नीरज अग्रवाल, प्रवीण माहेश्वरी, उदित अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, मोहम्मद नासिर, मोहम्मद सलीम आदि को पदाधिकारियों ने फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री अशोक कुमार गुप्ता, युवा महानगर अध्यक्ष विवेक शर्मा, मनीष मोहता, रितेश माहेश्वरी, प्रेम मोहन वाष्र्णेय, कमल कांत गुप्ता, अनिल राठी, सतीश शर्मा, हरीओम अग्रवाल आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी