UP Assembly Elections 2022 : रथयात्रा से है पुराना नाता, भाजपा बनाएगी जीत का रास्ता

भाजपा 29 नवंबर से प्रदेश के चार स्थानों से रथ यात्राएं निकालेगी। रथयात्रा में जिले के दो बड़े नेताओं को भी कमान सौंपी गई है। सांसद सतीश कुमार गौतम बरेली क्षेत्र की रथयात्रा का नेतृत्व करेंगे। जबकि एमएलसी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह ब्रज क्षेत्र की यात्रा की कमान संभालेंगे।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Thu, 25 Nov 2021 03:13 PM (IST) Updated:Thu, 25 Nov 2021 03:14 PM (IST)
UP Assembly Elections 2022 : रथयात्रा से है पुराना नाता, भाजपा बनाएगी जीत का रास्ता
भाजपा 29 नवंबर से प्रदेश के चार स्थानों से रथ यात्राएं निकालेगी।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। भाजपा 29 नवंबर से प्रदेश के चार स्थानों से रथ यात्राएं निकालेगी। इस रथ यात्रा में जिले के दो बड़े नेताओं को भी कमान सौंपी गई है। सांसद सतीश कुमार गौतम बरेली क्षेत्र की रथयात्रा का नेतृत्व करेंगे। जबकि एमएलसी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह ब्रज क्षेत्र की यात्रा की कमान संभालेंगे। दरअसल, भाजपा का रथ यात्राओं का लंबा अनुभव है। राम मंदिर आंदोलन में भी भाजपा ने रथ यात्रा निकालकर पूरे देश में माहौल बनाने का काम किया था।

25 दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगी यात्रा

भाजपा की 29 नवंबर को चार रथ यात्राएं निकाली जाएंगी। ब्रज क्षेत्र, पश्चिमी यूपी, अवध और वाराणसी क्षेत्र से यह यात्राएं निकालीं जाएंगी। इन यात्राओं के माध्यम से भाजपा प्रदेश के कोने-कोने तक जाएगी। 25 दिसंबर तक यह यात्रा लखनऊ पहुंचेगी। यहां विशाल रैली होगी, जिस रैली को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करेंगे। हालांकि, भाजपा की यह कोई पहली यात्रा नहीं है, बल्कि पिछले काफी समय से भाजपा यात्राएं निकाली रही है। मगर, राम मंदिर के समय की यात्रा ने पूरे देश में भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का काम किया था। पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी ने 1990 के दशक में यात्रा निकाली थी। आडवाणी ने बिहार से अपनी रथयात्रा की शुरुआत की थी। 40 दिनों की यह रथयात्रा 23 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशाें के करीब 100 जिलों से होकर गुजरनी थी। इससे पहले विश्व हिंदू परिषद भी ज्योति यात्रा, राम शिला पूजन समेत कई यात्राएं निकाल चुकी है। इस बार प्रदेश में चार रथ यात्राएं निकाली जा रही हैं।

दुनिया की सबसे अधिक सदस्‍यों वाली पार्टी

सांसद सतीश कुमार गौतम ने कहा कि पार्टी ने उन्हें रथयात्रा के माध्यम से आगे बढ़ने का मौका दिया है, वह बरेली, पीलीभीत समेत कई जिलों तक पहुंचेंगे। सांसद ने कहा कि भाजपा रथयात्रा के माध्यम से जनजन तक जाने की कोशिश करेगी। हम केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में बताएंगे। साथ ही दुनिया के सबसे शक्तिशाली प्रधानमंत्री के बारे में भी लोगों को बताएंगे। क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुनिया भर में भारत की शक्ति की पहचान कराई है, इससे पहले भारत के प्रधानमंत्री विदेशों में तो जाते थे, मगर उन्हें उतना सम्मान नहीं मिलता था, जितना पीएम नरेन्द्र मोदी को मिलती है। एमएलसी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह यात्रा की शुरुआत मथुरा से करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके लिए गौरव की बात है। वह यात्रा के माध्यम से बताएंगे कि भाजपा दुनिया की सबसे अधिक सदस्यों वाली पार्टी है। भाजपा विकास की पक्षधर है। 2014 से लेकर अबतक राष्ट्र सशक्त हुआ है। देश में तमाम बड़े मुद्दों को हल किया गया है। यह रथयात्रा प्रदेश में बहुत बड़ा बदलाव लेकर आएगी।

chat bot
आपका साथी