अलीगढ़ में फौजी के घर से दिनदहाड़े लाखों की चोरी

रोरावर क्षेत्र के नादा पुल स्थित चंद्रलोक कालोनी में घटना पड़ोसी के प्लाट में सीढ़ी लगाकर छत पर पहुंचे बदमाश।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 07:22 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 07:22 PM (IST)
अलीगढ़ में फौजी के घर से दिनदहाड़े लाखों की चोरी
अलीगढ़ में फौजी के घर से दिनदहाड़े लाखों की चोरी

जासं, अलीगढ़ : रोरावर थाना क्षेत्र में नादा पुल स्थित चंद्रलोक कालोनी फेस वन में सोमवार को सेना के जवान के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोर दिनदहाड़े लाखों का सामान, नकदी व जेवर ले गए। घटना के वक्त स्वजन घर से बाहर थे।

खैर कोतवाली क्षेत्र के बलीपुर निवासी विक्रम सिंह आर्मी में हैं। इन दिनों उनकी तैनाती उत्तराखंड के रूड़की में है। वे कई साल से चंद्रलोक कालोनी फेस वन में मकान बनाकर स्वजन के साथ रह रहे हैं। इन दिनों विक्रम सिंह छुट्टी पर आए हुए हैं। इनकी पत्नी अनीता सिंह लोधा के केशोपुर जोफरी स्थित प्राइमरी स्कूल में शिक्षिका हैं। सोमवार को अनीता स्कूल गई थीं। 12 वर्षीय बेटी अंकिता व 10 वर्षीय बेटा हर्ष भी पढ़ने स्कूल चले गए। घर में विक्रम सिंह व उनकी मां थीं। दोपहर करीब डेढ़ बजे दोनों आइटीआइ रोड स्थित अपने दूसरे प्लाट पर चले गए। दोपहर बाद अनीता अपने स्कूल से आने के बाद सारसौल चौराहा स्थित स्कूल से बच्चों को लेकर घर पहुंचीं। उन्होंने मैनगेट खोला तो कमरों व सेफ के ताले टूटे पड़े थे। सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। उन्होंने पति को जानकारी दी तो वे भी आ गए। चोर पड़ोस के प्लाट में सीढ़ी लगाकर मकान की दूसरी मंजिल पर पहुंचे थे। फिर छत पर पड़े लोहे के जाल को तोड़कर घर में घुसे। संभावना है कि चोर घटना से पहले रेकी कर रहे थे। सूचना पर रोरावर पुलिस, फोरेंसिक टीम व डाग स्क्वाड पहुंच गया। घटना की जानकारी लेकर साक्ष्य जुटाए। विक्रम सिंह ने बताया कि चोर 50 हजार रुपये, करीब तीन लाख के जेवर व अन्य सामान ले गए हैं। रोरावर इंस्पेक्टर सुनील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जांच की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, जल्द पकड़ा जाएगा।

..........

प्रधानाचार्य के घर में घुसे चोर,

नकदी व जेवरात लेकर फरार

जासं, अलीगढ़ : क्वार्सी क्षेत्र के सुरेंद्र नगर में रविवार रात चोर निजी स्कूल के प्रधानाचार्य के घर में जा घुसे। चोर यहां से लाखों के जेवर व नकदी ले गए। सीसीटीवी कैमरे में पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है।

सुरेंद्र नगर निवासी नाहर सिंह मुरादाबाद के निजी स्कूल में प्रधानाचार्य हैं। नाहर सिंह के अनुसार रविवार रात स्वजन घर में सो रहे थे। तभी तीन-चार चोर मकान में छत के रास्ते घुस आए और कमरे में रखी सेफ व बाक्स आदि के ताले खोलकर सामान बटोरकर ले गए। स्वजन सुबह जगे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। पीड़ित के अनुसार चोर सोने की दो चेन, पांच अंगूठी समेत लाखों के जेवरात, 40 हजार रुपये व अन्य सामान ले गए हैं। पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की हरकत कैद हुई है। इंस्पेक्टर क्वार्सी विजय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कैमरे में कैद चोरों की पहचान कराकर तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी