पत्नी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर कासगंज के युवक को चलती ट्रेन से दिया धक्का, मौत

कासगंज के एक युवक की पत्नी के साथ शराबी ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर विवाद हो गया। बात इतनी बड़ गई कि शराबी युवक ने युवक को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। हाथरस रेलवे स्टेशन आने पर शराबी भाग गया।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 11:02 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 11:02 PM (IST)
पत्नी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर कासगंज के युवक को चलती ट्रेन से दिया धक्का, मौत
छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक को चलती ट्रेन से फेंक दिया

जागरण संवाददाता, हाथरस: छपरा-मथुरा एक्सप्रेस में शुक्रवार की रात बड़ी घटना हुई। कासगंज के एक युवक की  पत्नी के साथ शराबी ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर विवाद हो गया। बात इतनी बड़ गई कि शराबी युवक ने युवक को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। पत्नी ट्रेन में चीखती रही। युवक की ट्रेन से गिरने के चलते मौत हो गई। कुछ ही देर में हाथरस रेलवे स्टेशन आने पर शराबी भाग गया। जीआरपी ने शव मौके पर पहुंचकर कब्जे में लिया। मामले की रिपोर्ट मृतक के भाई ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई है।

रात करीब दस बजे का मामला 

घटना शुक्रवार की रात करीब सवा दस बजे की है। कासगंज में शांतिपुरी कालोनी निवासी 35 वर्षीय राकेश कुमार मथुरा के छावनी रेलवे स्टेशन पर पकोड़ों की ठेल लगाता था। कासगंज आया हुआ था। वह कासगंज से मथुरा- छपरा एक्सप्रेस में पत्नी के साथ मथुरा आ रहा था। कासगंज से ही उसी बोगी में एक और युवक सवार हुआ। यह युवक नशे में धुत था।  आरोप है कि वह युवक राकेश की पत्नी के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। राकेश ट्रेन में सो रहा था। उसकी पत्नी ने उसे जगाकर मामले की जानकारी दी। इसके बाद राकेश ने छेड़छाड़ का विरोध किया। इस पर राकेश व युवक में झगड़ा हो गया। 

नशे में धुत था 

शराब के नशे में धुत युवक ने वेंडर राकेश के साथ मारपीट कर दी। पत्नी ने पति को बचाने की कोशिश की तो उससे भी अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान शराबी ने हाथरस व मेंडू के बीच राकेश को ट्रेन से धक्का दे दिया। इससे राकेश की मौत हो गई। ट्रेन हाथरस सिटी स्टेशन पर आकर रुकी तो आरोपित ट्रेन से उतरकर भाग गया।

दो साल पहले हुई थी शादी 

घटना की जानकारी महिला ने स्वजन व जीआरपी को दी। स्वजन के अनुसार, दो साल पहले ही राकेश की शादी हुई थी। हाथरस सिटी जीआरपी थाना प्रभारी जयप्रकाश ने बताया कि इस मामले में मृतक के भाई उमेश की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर ने छेड़छाड़ की बात से इन्कार किया है।

chat bot
आपका साथी