अलीगढ़ भाजपा में अभी करना होगा जिला पंचायत सदस्य के लिए टिकट का इंतजार

अभी पार्टी तीसरे चरण की तैयारी में ध्यान लगाए है। संगठन के पदाधिकारी उसमें व्यस्त हैं। एक-दो दिन में टिकट की घोषणा होते नहीं दिख रही है। पार्टी में टिकट को लेकर गुटबाजी बढ़ती जा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 01:39 AM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 01:39 AM (IST)
अलीगढ़ भाजपा में अभी करना होगा जिला पंचायत सदस्य के लिए टिकट का इंतजार
अलीगढ़ भाजपा में अभी करना होगा जिला पंचायत सदस्य के लिए टिकट का इंतजार

जासं, अलीगढ़ : भाजपा में जिला पंचायत सदस्य के टिकट के लिए अभी और इंतजार करना होगा। संभावना जताई जा रही है कि टिकट 12 अप्रैल के बाद ही घोषित होगी। अभी पार्टी तीसरे चरण की तैयारी में ध्यान लगाए है। संगठन के पदाधिकारी उसमें व्यस्त हैं। एक-दो दिन में टिकट की घोषणा होते नहीं दिख रही है। पार्टी में टिकट को लेकर गुटबाजी बढ़ती जा रही है। अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर अंत समय में खींचतान होने की संभावना है।

भाजपा ने पहली बार पंचायत चुनाव में दमदारी से ताल ठोकी है। जिला स्तर से तीन-तीन दावेदारों के नाम क्षेत्रीय कार्यालय, आगरा भेजे गए हैं, मगर प्रदेश नेतृत्व का निर्देश न मिलने से नामों का चयन नहीं किया जा रहा है। पहले 10 अप्रैल तक टिकट घोषित होने की चर्चा थी। जिस प्रकार से प्रदेश के पदाधिकारियों की चुनाव में व्यस्तता है, उसको देखते हुए साफ है कि प्रत्याशी 12 अप्रैल के बाद ही घोषित होंगे। अलीगढ़ में चुनाव चौथे चरण में है। नामांकन भी 17 अप्रैल से शुरू होंगे, इसलिए पार्टी जल्दबाजी में नहीं है।

...........

कार्यकर्ताओं को दी जाए तरजीह

भाजपा में टिकट को लेकर मची खींचतान पर वरिष्ठ व कर्मठ कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि पार्टी में जो जमीन से जुड़कर कार्य करे और संगठन के प्रति समर्पित रहे, उसे ही आगे बढ़ाना चाहिए। पार्टी कर्मठ व ईमानदार कार्यकर्ताओं को मौका नहीं देगी तो वे हताश होंगे। ऐसे में जिला पंचायत सदस्य के लिए जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को टिकट देने की मांग उठने लगी है।

...........

प्रत्याशी के लिए नामों का चयन करके अलीगढ़ से भेजा गया है। पार्टी गंभीरता से उन नामों पर विचार कर रही है। संभावना है कि 11 अप्रैल को प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। पार्टी कर्मठ और सक्रिय कार्यकर्ता को तरजीह देगी।

ऋषिपाल सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा

......... समन्वय बनाकर प्रत्याशी

उतार रही सपा

अलीगढ़ : पंचायत चुनाव से विधानसभा की राह तलाश रही सपा समन्वय बनाकर प्रत्याशी उतार रही है। कहीं खुशी तो कहीं गम है। मौका न दिए जाने पर कुछ कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर अन्य दलों में पहुंच गए हैं। सभी को साधे रखना वरिष्ठ नेताओं के बस से बाहर हो रहा है। अब तक 26 वार्डो में प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं। पार्टी हाईकमान से मिले निर्देश के बाद समन्वय बनाकर स्थानीय स्तर पर प्रत्याशियों की घोषणा की जा रही है। 26 सीटों पर छह सदस्यीय चयन समिति ने प्रत्याशी घोषित किए हैं। बाकी बचीं सीटों पर समन्वय बनाया जा रहा है। यदि समन्वय हुआ तो प्रत्याशियों की सूची जारी होगी अन्यथा सभी दावेदारों को चुनाव लड़ने का मौका दिया जाएगा। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता परिवार व नजदीकियों को चुनाव में उतार रहे हैं। पार्टी के विशेष आमंत्रित सदस्य संजय यादव ने वार्ड 43 से अपनी पत्नी अर्चना यादव को चुनाव में उतारा है। मोहम्मद सगीर ने भी परिवार से दो आवेदन किए थे। हालांकि, बाद में फैसला बदल लिया। जिलाध्यक्ष गिरीश यादव ने कहा कि पार्टी ने पूरे दमखम से चुनाव लड़ने की रणनीति बनाई है। इसलिए प्रत्याशियों का चयन भी काफी सूझबूझ के साथ किया जा रहा है। इसके लिए ब्लाक स्तर पर कमेटियां गठित हुई हैं। कमेटियों के सुझाए नामों पर जिला स्तर पर गठित चयन समिति मंथन करती हैं, तब फाइनल सूची जारी होती है। पंचायत चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीट सपा निकालेगी। इसके बाद विधान सभा चुनाव की तैयारी में सभी कार्यकर्ता जुट जाएंगे।

chat bot
आपका साथी