विपक्ष ने भी की मांग, राजा को दिया जाए पूरा सम्मान Aligarh news

पीएम नरेंद्र मोदी के 14 सितंबर की जनसभा को देखते हुए जिले की राजनीति गरमा गई है। जहां भाजपा राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय को लेकर राजा साहब के गुणों का बखान कर रही है वहीं विपक्ष तीखे तीर छोड़ रहा है।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 04:54 PM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 05:07 PM (IST)
विपक्ष ने भी की मांग, राजा को दिया जाए पूरा सम्मान Aligarh news
विपक्ष का कहना है कि राजा साहब को पूरा सम्मान दिया जाए, उन्हें भारत रत्न दिया जाए!

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। पीएम नरेंद्र मोदी के 14 सितंबर की जनसभा को देखते हुए जिले की राजनीति गरमा गई है। जहां भाजपा राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय को लेकर राजा साहब के गुणों का बखान कर रही है, वहीं विपक्ष तीखे तीर छोड़ रहा है, विपक्ष का कहना है कि राजा साहब को पूरा सम्मान दिया जाए, उन्हें भारत रत्न दिया जाए, तभी मान जाएगा कि भाजपा दिल से राजा महेंद्र प्रताप को चाहती है।

राज्‍य विश्‍वविद्यालय की मांग लंबे समय से चल रही

जिले में राज्य विश्वविद्यालय की मांग लंबे समय से चल रही है। पहली बार यह आवाज 1977 में उठी थी, इसके बाद से छात्रों का संघर्ष लंबे समय से चला आ रहा है। छात्र तमाम बार सड़कों पर आंदोलन कर चुके हैं। मगर, विवि की मांग को लेकर 2009 से लेकर 2018 तक आंदोलन पूरे प्रदेश में छाया रहा। छात्रों ने इसके लिए कई बड़े आंदोलन किए। विवि छात्र संघर्ष मोर्चा का गठन हुआ। अध्यक्ष अर्जुन सिंह भोलू एवं महासचिव अमित गोस्वामी ने अपने हाथों में कमान ली। छात्रों का कारवां बढ़ता गया। ये दोनों छात्र नेताओं की जोड़ी पूरे जिले में प्रसिद्ध हो गई। धरना-प्रदर्शन और अनशन तक किया। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक भी हुई।

छात्रनेताओं पर दर्ज हुए कई मुकदमे

भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति अरविंद दीक्षित का कई बार घेराव किया। कुलपति के सामने सड़कों पर लेट भी गए, इसके चलते दोनों छात्र नेताओं पर 17 मुकदमे दर्ज हुए। मगर, इन्होंने कदम पीछे नहीं हटाया। 2018 तक यह लड़ाई चली आई। हालांकि, तबतक सिर्फ विश्वविद्यालय की मांग थी। कोई नाम नहीं दिया गया था। सितंबर 2019 में इगलास उप चुनाव था, ऐसे में सीएम योगी आदित्यनाथ की इगलास में जनसभा थी। सीएम ने भाषण के बीच में ही कहा कि अलीगढ़ के छात्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी की जाती है। अलीगढ़ को एक राज्य विश्वविद्यालय दिया जाएगा। सीएम ने इसी के साथ विवि के नाम भी घाेषणा करदी। उन्होंने बताया कि विवि महान स्वतंत्रता सेनानी राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम से होगा। इसके लिए सरकार जमीन भी देगी और निर्माण भी कराएगी। इसी े के साथ विवि का सिलसिला शुरू हो गया। अब 14 सितंबर को पीएम मोदी इसकी नींव रखने के लिए आ रहे हैं। भाजपा नेता कह रहे हैं कि जाट शिराेमणी को ऐसा सम्मान आजतक किसी ने नहीं दिया। कांग्रेस लंबे समय तक शासन करती रही, मगर उनके नाम पर एक पत्थर तक नहीं लगवा सकी। भाजपा उन्हें सम्मान दे रही है। ऐसे में विपक्ष पलटवार कर रहा है।

विपक्ष ने साधा निशाना

सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह का कहना है कि सिर्फ एक संस्था का नाम रख देने से कुछ नहीं होता है। राजा महेंद्र प्रताप का त्याग और समर्पण अविस्मरणीय है। इसे भुलाया नहीं जा सकता है। इसलिए भाजपा राजा महेंद्र प्रताप सिंह को भारत रतन दे, तभी माना जाएगा कि वो राजा साहब के लिए जो काम कर रही है वो दिल से कर रही है। ऐसे में अब देखना होगा कि पीएम 14 सितंबर को कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं क्या? क्या राजा महेंद्र प्रताप के लिए कोई अन्य संस्थाओं का भी नाम रख सकते हैं? भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि जाट समाज के लिए जितना भाजपा ने किया है, उतना किसी ने नहीं किया है, भाजपा ने जाट समाज को आगे बढ़ाने का काम किया है। राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम से विवि देकर समाज को धन्य कर दिया है।

chat bot
आपका साथी