दावा करने वाले निगम के अफसर बैठे शांत तो सड़कों पर गड्ढे भरवाने निकले नगर आयुक्त, जानिए मामला

शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का दावा कर शांत बैठे नगर निगम के अफसर सोमवार को गड्ढे भरवाते नजर आए। खुद नगर आयुक्त गौरांग राठी ने सड़क पर खड़े होकर गड्ढे भरवाए। निर्माण विभाग के अफसर पैचवर्क की गुणवत्ता परख रहे थे।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 06:16 AM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 06:31 AM (IST)
दावा करने वाले निगम के अफसर बैठे शांत तो सड़कों पर गड्ढे भरवाने निकले नगर आयुक्त, जानिए मामला
नगर आयुक्त गौरांग राठी ने सड़क पर खड़े होकर गड्ढे भरवाए।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का दावा कर शांत बैठे नगर निगम के अफसर सोमवार को गड्ढे भरवाते नजर आए। खुद नगर आयुक्त गौरांग राठी ने सड़क पर खड़े होकर गड्ढे भरवाए। निर्माण विभाग के अफसर पैचवर्क की गुणवत्ता परख रहे थे। दैनिक जागरण में गड्ढा मुक्त अभियान की जमीनी हकीकत बताती खबर का संज्ञान लेकर नगर आयुक्त ने मंगलवार तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

मानसून से पहले सड़कों को गड्ढामुक्‍त करने का अभियान

मानसून से पहले नगर निगम ने सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान चलाया था। जो गड्ढे भरे गए, वे पहली बारिश में ही धुल गए। पानी के साथ कंकरीट और मिट्टी सड़कों पर बिखर गई। बारिश थमी तो नगर निगम ने फिर अभियान छेड़ा। तब भी सड़कों की मरम्मत का कार्य मुस्तैदी से नहीं कराया गया। उधर, देहात क्षेत्र में भी सरीखे हालात थे। जबकि, 15 नवंबर तक जिले की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के आदेश शासन ने दे रखे थे।

दैनिक जागरण से प्रमुखता से उठाया था मुद्दा

दैनिक जागरण ने 28 नवंबर के अंक में 'सड़कों पर गड्ढे बरकरार, पूरा हो गया मुक्त अभियान' शीर्षक से सड़कों की बदहाली दर्शाती तस्वीरों के साथ खबर प्रमुखता से प्रकाशित की। राहगीरों की पीड़ा भी बताई। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर निगम अधिकारी सकते में आ गए। नगर आयुक्त निर्माण विभाग की टीम के साथ शहर में चले अभियान की हकीकत देखने निकल गए। तस्वीर महल, मसूदाबाद, जीटी रोड, गूलर रोड, शमशाद मार्केट, फिरदौस नगर स्थित ओवरब्रिज का भी निरीक्षण किया। ओवरब्रिज पर नगर आयुक्त ने अपने सामने मरम्मत कार्य कराया। निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक भाटी ने बताया कि शहरी क्षेत्र में 18,696 मार्ग हैं, जिनकी लंबाई 1771.332 किलोमीटर है। 41.242 किलोमीटर सड़कों को अब तक गड्ढा मुक्त करा दिया गया है। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने कहा कि गड्ढे भरवाने का कार्य रात में भी चल रहा है। टीमें गठित कर मंगलवार तक सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए हैं।

chat bot
आपका साथी