हत्यारों ने सिर व कनपटी की तोड़ीं हड्डी, अंतिम सांस तक लडी बिटिया Aligarh news

अकराबाद के गांव में जिस जगह पर किशोरी का शव पड़ा मिला था वहां के हालात सबकुछ बयां कर रहे हैं। करीब सौ वर्गगज की फसल तहस-नहस है। मिट्टी उखड़ी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी इस बात का उल्लेख कर रही है कि किशोरी ने अंतिम सांस तक संघर्ष किया।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 06:47 AM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 07:54 AM (IST)
हत्यारों ने सिर व कनपटी की तोड़ीं हड्डी, अंतिम सांस तक लडी बिटिया Aligarh news
हत्‍या के विरोध में पुलिस और ग्रामीणों में हुई नोकझोंक।

अलीगढ़, जेएनएन : अकराबाद के गांव में जिस जगह पर किशोरी का शव पड़ा मिला था, वहां के हालात सबकुछ बयां कर रहे हैं। करीब सौ वर्गगज की फसल तहस-नहस है। मिट्टी उखड़ी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी इस बात का उल्लेख कर रही है कि किशोरी ने अंतिम सांस तक संघर्ष किया। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैँ। नाखून के भी निशान मिले हैं। सिर के पीछे और कनपटी दोनों की हड्डी टूटी मिली हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों हड्डियां खेत में गिरने या घसीटने से नहीं टूट सकतीं। हो सकता है हत्यारों ने किसी भारी वस्तु से हमला किया हो। वहीं, पुलिस अभी तक किसी आरोपित तक नहीं पहुंच सकी है। हालांकि पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

 खेत में मिला था शव

किशोरी के घर से करीब एक किलोमीटर दूर गांव से बाहर खेत में उसका शव मिला था। सबसे पहले गांव के एक शख्स ने किशोरी को देखा, जिसके बाद ग्रामीणों तक खबर पहुंची। जिस खेत पर शव मिला, वहां 10-15 मीटर यानी करीब सौ वर्गगज की फसल कहीं बिछी है तो कहीं उखड़ी है। मिट्टी भी बिखरी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने ये भी बताया है कि किशोरी के मुंह व हाथों में मिट्टी मिली थी। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हड्डियां टूटने, शरीर पर कई चोटें ये बता रही है कि किशोरी ने खूब संघर्ष किया होगा। पुलिस के मुताबिक, ये काम किसी अकेले का नहीं हो सकता। आरोपित दो से ज्यादा हो सकते हैं।

शरीर पर खरोंच के कई निशान 

पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होंठ, गर्दन, कान, ठोड़ी पर खरोंच के निशान हैं। जो गला दबने और मुंह दबने की स्पष्टता दर्शा रहे हैं। दाहिनी कोहनी के ऊपर और निचली भुजा पर त्वचा छिली हुई थी। बाएं हाथ पर भी इसी तरह चोटें हैं। कंधे पर नाखून के निशान हैं। छाती, घुटने से ऊपर पर भी चोटें हैं। सिर पर डंडा, ईंट या किसी अन्य भारी वस्तु से हमला किया जिससे सिर से खून भी बहा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इंटरनल पार्ट पर चोट के निशान न मिलने की बात कही गई है। एसपी देहात शुभम पटेल ने कहा कि कोई रंजिश की बात सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपितों के करीब पहुंच गई है। जल्द मामले का पर्दाफाश होगा।

दो लाख रुपये का मुआवजा

एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह ने बताया कि तत्कालिक रूप से परिवार को दो लाख की सहायता दी गई है। आगे भी नियमानुसार मदद की जाएगी।

इनका कहना है

स्लाइड बनाकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजी गई हैं। हाथ-पैर व शरीर पर खरोंच के निशान हैं। संभवत 10-15 मीटर तक खेतों में किशोरी को घसीटा गया है। गला व मुंह दबने से मौत हुई है। किशोरी के इंटरनल पार्ट पर कोई चोट नहीं है। पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्यारों का पता लगाने के लिए टीमें गठित की गई है। 

मुनिराज, एसएसपी

थाने पर हुआ प्रदर्शन, गांव में तनावपूर्ण शांति

अकराबाद, अलीगढ़ : किशोरी की हत्या के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति है। सोमवार को कई थानों का फोर्स डटा रहा। रात करीब दो बजे मंडलायुक्त गौरव दयाल व आइजी पीयूष मोर्डिया ने भी मौका मुआयना किया। वहीं सपा नेता एवं धनीपुर के पूर्व ब्लाक ठा. तेेेजवीर सिंह के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने पहले थाने पर दोषियों को फांसी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बाद में पीड़ित परिवार के घर पहुंच कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष चौ. सुरेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष परवेज अहमद गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए उनकी बात कांग्रेस हाईकमान तक पहुंचाने व न्याय दिलाने की बात कही।रविवार रात पुलिस व लोगों के बीच खूब गुत्थमगुत्था हुई थी। इसमें दो महिला कांस्टेबल जमीन पर गिर गईं। जबकि इंस्पेक्टर गंगीरी को गंभीर चोट आई थीं।

तहरीर को लेकर नोकझोंक

अकराबाद थाने में रविवार देररात तीन बजे तक बसपा नेताओं की पुलिस अधिकारियों से नोकझोंक हुई। नेता चाह रहे थे, जिन लोगों पर शक है, उनके खिलाफ नामजद मुकदमा हो। जबकि पुलिस ने जांच के बाद ही किसी का नाम जोड़ने की बात कही। ऐसे में तड़के पांच बजे अज्ञात में मुकदमा दर्ज हुआ। देर रात रिपोर्ट को लेकर बसपा के आगरा-अलीगढ़ मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी सूरज सिंह, जिलाध्यक्ष डा. रतन दीप सिंह, हरदुआगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष व जिले के सेक्टर प्रभारी तिलकराज यादव सहित अन्य कार्यकर्ता थाना अकराबाद पहुंच गए थे। यहां मौजूद मंडलायुक्त, आईजी, एसएसपी सहित अन्य आला अफसरों से नामजद रिपोर्ट को लेकर नौंक-झोंक हुई। सोमवार सुबह पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व कानपुर, आगरा व अलीगढ़ मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी बाबू मुनकाद अली पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने शोकाकुल परिवार के सदस्यों का दर्द जाना। पूर्व सांसद मुनकाद अली ने घटना की निंदा की। उधर, आरोपितों की तलाश में पुलिस की पांच टीमें लगी हुई है। खुद एसएसपी मुनिराज रविवार रात गांव में डटे रहे। सोमवार को फिर शाम को जाकर छानबीन की। वहीं एसपी देहात शुभम पटेल भी दिनभर डटे रहे। सोमवार को पुलिस डाग स्क्वाड व फोरेंसिक टीम के सहारे खेतों में ही सबूत खोजने में जुटी रही। 

दो महिला कांस्टेबल भी गिरीं 

रविवार रात पुलिस व लोगों के बीच खूब गुत्थमगुत्था हुई थी। इसमें दो महिला कांस्टेबल जमीन पर गिर गईं। जबकि इंस्पेक्टर गंगीरी को गंभीर चोट आई थीं।

इनका कहना है

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट है कि दुष्कर्म नहीं हुआ है। फिर भी स्लाइड बनाकर जांच के लिए भेजी हैं। आरोपितों की तलाश में टीमें लगी हैं।

पीयूष मोर्डिया, आइजी

chat bot
आपका साथी