डीएम ने की नई व्यवस्था, ताकि अलीगढ़ में न रहे आक्सीजन का संकट

जिले में आक्सीजन बेड के इंतजार में तमाम मरीज एक-एक सांस के लिए जंग लड़ रहे हैं। इसी इंतजार में तमाम लोगों की जिदगी की डोर टूट चुकी है। नान कोविड अस्पताल भी अपने यहां मरीज भर्ती नहीं कर रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 01 May 2021 01:05 AM (IST) Updated:Sat, 01 May 2021 01:05 AM (IST)
डीएम ने की नई व्यवस्था, ताकि अलीगढ़ में न रहे आक्सीजन का संकट
डीएम ने की नई व्यवस्था, ताकि अलीगढ़ में न रहे आक्सीजन का संकट

जासं, अलीगढ़ : जिले में आक्सीजन बेड के इंतजार में तमाम मरीज एक-एक सांस के लिए जंग लड़ रहे हैं। इसी इंतजार में तमाम लोगों की जिदगी की डोर टूट चुकी है। नान कोविड अस्पताल भी अपने यहां मरीज भर्ती नहीं कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी को आक्सीजन देने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए तालानगरी स्थित गैस एजेंसी पर 24 घंटे अफसरों की नियुक्ति रहेगी। नान कोविड अस्पतालों को रोजाना 150 तक सिलिडर दिए जाएंगे। 50 सिलिडर की व्यवस्था होम आइसोलेशन वाले मरीजों के लिए की गई है।

डीएम चंद्रभूषण ने निर्देश दिए हैं कि प्राइवेट कोविड अस्पतालों को आक्सीजन सिलिडर की आपूर्ति नोडल अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर होगी। अस्पताल अपने नोडल अधिकारी व स्वास्थ्य अधिकारी से प्रस्ताव भिजवाएंगे। प्राइवेट नान कोविड अस्पतालों को मरीज भर्ती रजिस्टर की फोटो प्रतिलिपि व लैडर हेड पर विवरण देना होगा। हास्पिटल का पंजीकृत कर्मचारी पूरे विवरण के साथ सिटी मजिस्ट्रेट से संपर्क करेगा। इसके बाद पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर आक्सीजन मिलेगी। होम आइसोलेशन वाले मरीजों को राधा गैस इंडस्ट्रीज से दोपहर 12 से दो बजे के बीच आक्सीजन सिलिडर मिलेंगे। इसके लिए सुबह आठ से नौ बजे के बीच दवा का पर्चा व आधार कार्ड की फोटो प्रतिलिपि जमा करके टोकन लेना होगा। इसके लिए उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त श्रीनाथ पासवान को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। डीएम ने निजी हास्पिटलों से अनावश्यक आक्सीजन का भंडार न करने की अपील की है।

एजेंसी पर नोडल अधिकारी नियुक्त

सीडीओ अंकित खंडेलवाल ने उपायुक्त उद्योग को राधा इंडस्ट्रियल गैस एजेंसी कासिमपुर में नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उन्होंने कहा है कि संज्ञान में आया है कि एजेंसी पर गंभीर मरीजों को दी जाने वाली आक्सीजन की कालाबाजारी हो रही है व नियमानुसार वितरण नहीं हो रहा है। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन के आयुक्त ने भी आक्सीजन वितरण में सहयोग के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती का निर्णय लिया है। अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा ने बताया कि इस आक्सीजन गैस एजेंसी पर सुबह छह से दोपहर दो बजे तक, राजीव कुमार सिंह दो बजे से रात 10 बजे व मनोज कुमार सरोज रात 10 बजे तक सुबह छह बजे जवाहर लाल की नियुक्ति रहेगी। तीनों अधिकारियों से कहा गया है वे प्लांट पर उपलब्ध आक्सीजन की सूचना सिटी मजिस्ट्रेट, जनपदीय खाद्य सुरक्षा विभाग व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के वाट्सएप पर देंगे।

मरीजों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

किसी संक्रमित या संदिग्ध मरीज को अस्पताल में भर्ती नहीं किया जाता है। आक्सीजन बेड नहीं मिलता है या फिर इलाज में अन्य समस्या है, उनकी सहायता के लिए कोरोना कंट्रोल रूम के चार हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। जरूरतमंद 0571-2420100, 0571-2420101, 0571-2420102, वाट्सएप व कॉल नंबर 7017469606 पर मदद मांग सकते हैं।

chat bot
आपका साथी