अलीगढ़ में महिला डाक्टर का शव कमरे में लटका मिला, घर के गेट पर लगा था ताला

अलीगढ़ में एक महिला डाक्टर का शव उसके घर के कमरे में फंदे में लटका मिला। शरीर पर नील थे। घर के गेट पर ताला था। बच्चे रिश्तेदार के यहां मिले हैं। पति गायब है। मामला का हत्या का है या खुदकुशी का यह पता अभी नहीं चला है।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Publish:Wed, 13 Oct 2021 11:31 PM (IST) Updated:Wed, 13 Oct 2021 11:31 PM (IST)
अलीगढ़ में महिला डाक्टर का शव कमरे में लटका मिला, घर के गेट पर लगा था ताला
डा. आस्था अग्रवाल की मौत कैसे हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है।

जासं, अलीगढ़: कोरोना कंट्रोल रूम में तैनात 33 वर्षीय डा. आस्था अग्रवाल का शव बुधवार की शाम क्वार्सी थाना क्षेत्र की पाश कालोनी रमेश विहार स्थित उनके घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। मुख्य गेट पर ताला लगा था। हाथ व सीने पर नील के निशान मिले। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला हत्या का है या खुदकुशी का। आसपास के लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच मतभेद चल रहा था। अक्सर रात में दोनों झगड़ते थे। इनके पति की तलाश की जा रही है। वे कासिमपुर में राधिका आक्सीजन प्लांट चलाते हैं। इनके दोनों बच्चे एक रिश्तेदार के यहां मिले हैं।

मंगलवार को की थी ड्यूटी 

कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम में डा. आस्था ने मंगलवार को सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक ड्यूटी की। बुधवार का साप्ताहिक अवकाश था। उनके साथ काम करने वाले हरदुआगंज के गांव भवनगढ़ी निवासी मनीष कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम साढ़े सात बजे डा.आस्था से फोन पर बात हुई थीं। वह थोड़ी असहज लग रही थीं। रात में फिर फोन किया। बात न होने पर रात में उनके घर गए। लेकिन, कार बाहर खड़ी देखकर लौट गए।

बहन का भी नहीं उठा था फोन 

बुधवार सुबह कई फोन किए। लेकिन, कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दोपहर आस्था की आगरा निवासी बहन आकांक्षा को फोन किया। उनका भी फोन नहीं उठा तो वे अपने ड्राइवर के साथ शाम करीब साढ़े चार बजे आस्था के घर आए। देखा तो गेट पर ताला लगा था। लेकिन, कार बाहर खड़ी थी। आसपास के लोग भी आ गए। ड्राइवर गेट को फांदकर अंदर दाखिल हुआ। अंदर वाले कमरे में आस्था का शव फंदे से लटका हुआ था। बेड पर बाल्टी पड़ी थी। बाल बिखरे थे और दोनों पैर बेड को छू रहे थे। इसकी सूचना सवा पांच बजे पुलिस को दी गई।

रिश्तेदार के यहां मिले बच्चे 

फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। इसमें महिला की टूटी हुई हेयरपिन मिली हैं। हाथ व सीने पर नील के निशान मिले। इनके बच्चे 10 वर्षीय बेटा अर्णव व आठ साल की बेटी आन्या सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाले एक रिश्तेदार के यहां मिले हैं। एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि महिला का शव फंदे पर लटका मिला है। बाहर ताला लगा था। फोरेंसिक ने साक्ष्य संकलन कर लिए हैं। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम के बाद महिला की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। महिला का पति फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। दोनों बच्चे सुरक्षित मिल गए हैं।

chat bot
आपका साथी