अलीगढ़ में देर रात रामघाट रोड पर मौत बनकर दौड़ी कार, कई वाहनों को मारी टक्कर

अतरौली अड्डे के पास की घटना नशे में धुत था कार चालक।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 02:01 AM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 02:01 AM (IST)
अलीगढ़ में देर रात रामघाट रोड पर मौत बनकर दौड़ी कार, कई वाहनों को मारी टक्कर
अलीगढ़ में देर रात रामघाट रोड पर मौत बनकर दौड़ी कार, कई वाहनों को मारी टक्कर

जासं, अलीगढ़ : क्वार्सी क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित अतरौली अड़्डे के पास शुक्रवार देर रात एक कार साक्षात मौत बनकर दौड़ी। कार ने गाय समेत कई वाहनों को टक्कर मारने के साथ ही एक रिक्शा चालक को रौंद डाला। इसके बाद कार नाले में जा घुसी। राहगीरों ने पुलिस की मदद से आरोपित कार चालक को पकड़ लिया है। चालक नशे में धुत बताया गया है। रात करीब साढ़े बारह बजे दुबे का पड़ाव की ओर से एक स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में जा रही थी। मीनाक्षी पुल से नीचे उतरते ही कार ने सड़क पर आयी गाय को टक्कर मार दी। इसके बाद अतरौली अड्डे पर खड़ी क्वार्सी के सुरेंद्र नगर निवासी कोचिग संचालक अनुभव सिंह की कार के अलावा इलाके के ही भाजपा नेता गौरव गौदानी की खड़ी इनोवा कार में टक्कर मार दी। इतने पर भी कार नियंत्रित नहीं हुई। फिर कार ने एक रिक्शा व साइकिल चालक को बुरी तरह से रौंद डाला। इसके बाद कार सड़क किनारे विपरीत दिशा में नाले में जा घुसी। इंस्पेक्टर क्वार्सी विजय सिंह ने बताया कि चालक की पहचान क्वार्सी के रेलवे कालोनी सहपऊ वाले के पीछे रहने वाले फौजी कच्छ चौधरी के रूप में हुई है। चालक बुरी तरह से नशे में धुत है। हादसे की खबर पर भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अमन गुप्ता भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर आ गए। उधर घायल रिक्शा व साइकिल चालक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गनीमत रही कि हादसा रात में हुआ। अगर देर शाम या दिन में होता तो गंभीर हालात होते। किसी की जान भी जा सकती थी। रात में इस तरह से युवा शराब पीकर वाहन चलाते आए दिन देखे जा सकते हैं। उसके बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है। अभी कुछ दिन पहले रामघाट रोड पर ही बाइक सवार युवक नशे में राहगीरों को टक्कर मार गए थे।

chat bot
आपका साथी