अलीगढ़ में बंबा की पटरी कटने से जलमग्न फसल बर्बाद

जासं अलीगढ़ छर्रा क्षेत्र के ग्राम सिहावली के निकट रजबहा की पटरी कटने से खेतों में पानी

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 01:29 AM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 01:29 AM (IST)
अलीगढ़ में बंबा की पटरी कटने से जलमग्न फसल बर्बाद
अलीगढ़ में बंबा की पटरी कटने से जलमग्न फसल बर्बाद

जासं, अलीगढ़: छर्रा क्षेत्र के ग्राम सिहावली के निकट रजबहा की पटरी कटने से खेतों में पानी भर गया। इससे किसानों की करीब तीस बीघा फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो गई।

क्षेत्र के ग्राम सिहावली के निकट से रजबहा निकल रहा है। बताया गया है कि बीते दिनों रजबहा में पानी छोड़ा गया। रविवार व सोमवार को हुई बारिश के चलते रजबहा लबालब हो गया। मंगलवार को किसी तरह रजबहा की एक पटरी कट गई। बंबा का पानी खेतों में भर गया। इससे सिहावली निवासी किसान नत्थू सिंह की करीब दस बीघा अरहर व लाहा, नंदन सिंह की चार बीघा गाजर, पांच बीघा लाहा, बाबू की आठ बीघा लाहा तथा भूसे की बुर्जी, दलवीर सिंह की सात बीघा अरहर व चार बीघा लाहा की फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो गई।

सूचना पाकर सिचाई विभाग के सचिव व हल्का लेखपाल मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में जेसीबी मशीन मंगा कर बंबा की पटरी को सही कराकर पानी रुकवाया। वहीं मशीनों द्वारा खेतों से पानी निकालने का काम जारी है।

किसानों का कहना है कि काफी लागत लगाकर फसल की बुआई कराई थी। बंबा की पटरी कटने से काफी नुकसान हुआ है। उनके सभी अरमानों पर पानी फिर गया है। उन्होंने मुआवजे की मांग की है।

वहीं दादों क्षेत्र के गांव नाह निवासी रामवीर सिंह पुत्र किशनलाल, रामवती देवी पत्नी होतीलाल के कच्चे मकान रविवार से सोमवार तक हुई बारिश में भरभराकर गिर गए। मकान गिरने पर कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन घर में रखा दोनों का सामान मलबे में दबकर पूरी तरह नष्ट हो गया।

दूसरी ओर गांव गिरधरपुर निवासी भूरे सिंह पुत्र जगन्नाथ सिंह व राजनश्री देवी पत्नी सतीश कुमार और तुलसी राम पुत्र नत्थू सिंह के पक्के मकानों की छतें बारिश में सोमवार की देर शाम अचानक गिर गई। इसमें घरों में रखा सारा सामान मलबे में दब गया।

chat bot
आपका साथी