भाजपा की नीतियों से है सपा की लड़ाई : आनंद

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद भदौरिया ने कहा कि सपा की लड़ाई भाजपा से है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 01:24 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 01:24 AM (IST)
भाजपा की नीतियों से है सपा की लड़ाई : आनंद
भाजपा की नीतियों से है सपा की लड़ाई : आनंद

जासं, अलीगढ़ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद भदौरिया ने कहा कि सपा की लड़ाई भाजपा की नीतियों से है। इन नीतियों से समाज का हर वर्ग दुखी है। 2022 में सपा सरकार बनाएगी और भाजपा विपक्ष में बैठेगी। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने ये बातें दोदपुर स्थित सपा नेता मोहम्मद उस्मान खान के आवास पर पत्रकार वार्ता में कहीं।

शुक्रवार को अलीगढ़ पहुंचे राष्ट्रीय प्रवक्ता का पार्टीजनों ने जोशीला स्वागत किया। प्रवक्ता ने कहा कि राम भी मेरे और रहीम भी मेरे, पिताश्री और अब्बाजान हम सब एक हैं। जबकि, भाजपा धर्म के नाम पर लोगों को बांट रही है। सपा का उद्देश्य युवाओं को आगे बढ़ाकर प्रदेश का विकास करना है। इस अवसर पर महानगर उपाध्यक्ष यामीन खान अब्बासी, कबीर अहमद, हसीव चौहान, आसिफ खान, यामीन मेव, अरशद चौधरी आदि मौजूद रहे।

युवाओं को नहीं रोजगार हर वर्ग परेशान: अतरौली के राजमऊ गांव में शुक्रवार को प्रतिष्ठा आइएएस अकादमी के निदेशक डीआर यादव ने सपा सरकार बनाओ सम्मेलन का आयोजन किया। इसमें तमाम सपा समर्थक व कार्यकर्ता जुटे। डीआर ने कहा कि 2022 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री की गद्दी पर बैठने से कोई रोक नहीं सकता है। मौजूदा समय में किसान, नौजवान, छात्र सब परेशान हैं। रोजगार नहीं है, किसानों को फसल का वाजिब दाम नहीं मिल रहा। इन समस्याओं से अखिलेश यादव ही निजात दिला सकते हैं। डीआर यादव ने नारा दिया कि अतरौली ने ठाना है, समाजवादी सरकार को लाना है। कहा कि सही हाथों में सत्ता आने से हर समस्या का हल निकलना शुरू हो जाएगा। क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं व बुजुर्गों ने उनको आशीर्वाद दिया। बिहारी यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार आती है तो समाज के हर तबके का ध्यान रखा जाएगा। दिनेश सिंह ने कहा कि समाज में भय का माहौल व्याप्त है, इसे दूर करने के लिए समाजवादी पार्टी को लाना जरूरी है। इस दौरान गिरीश यादव, रणवीर, बाल किशन यादव, महावीर, सचिन, जितेंद्र, यतेंद्र, राजेंद्र, चंद्रमा यादव, अभिषेक, योगेश सैनी, संजीव लाला, अजय प्रताप आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी