अलीगढ़ में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए सपा ने फिर खेला दांव, उतारा प्रत्याशी Aligarh news

रालोद से मिलकर पंचायत चुनाव लड़ी समाजवादी पार्टी ने फिर दांव खेल दिया है। शुरुआती दौर में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की रिश्तेदार अर्चना यादव को अध्यक्ष पद का दावेदार बताकर पार्टी ने यू टर्न ले लिया। वरिष्ठ पार्टीजनों ने रालोद प्रत्याशी राजकुमारी देवी को समर्थन देने की बात कही।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 06:44 AM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 06:44 AM (IST)
अलीगढ़ में जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए सपा ने फिर खेला दांव, उतारा प्रत्याशी Aligarh news
रालोद से मिलकर पंचायत चुनाव लड़ी समाजवादी पार्टी ने फिर दांव खेल दिया है।

अलीगढ़, जेएनएन ।  रालोद से मिलकर पंचायत चुनाव लड़ी समाजवादी पार्टी ने फिर दांव खेल दिया है। शुरुआती दौर में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की रिश्तेदार अर्चना यादव को अध्यक्ष पद का दावेदार बताकर पार्टी ने यू टर्न ले लिया। फिर वरिष्ठ पार्टीजनों ने रालोद प्रत्याशी राजकुमारी देवी को समर्थन देने की बात कही। अब सियासी चाल फिर बदली है। पार्टी ने अर्चना यादव को प्रत्याशी घोषित कर मंगलवार को नामांकन पत्र भी ले लिया। सपा नेता पूरे दमखम से अर्चना को जिताने के दावे भी कर रहे हैं। उधर, सहयोगी दल रालोद की प्रत्याशी राजकुमारी ने भी नामांकन पत्र लिया है। यानी, दोनों सहयाेगी दलों में अपने-अपने प्रत्याशी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में उतार दिए हैं। चर्चा है कि भाजपा के पैंतरा बदलने से सपा और रालाेद ने ये नई चाल खेली है। देखना ये है कि नामांकन पत्र कौन सा प्रत्याशी दाखिल करता है, या फिर दोनाें ही दाखिल करेंगे।

47 सदस्‍य डालेंगे वोट

जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए 47 सदस्य वोट डालेंगे। 26 सदस्यों का बहुमत जिस तरफ में होगा, उसी खेमे का प्रत्याशी अध्यक्ष घोषित किया जाएगा। सभी पार्टियां अध्यक्ष पद पर अपना दावा कर रही हैं। हालांकि, बहुमत किसी के पास नहीं है। सपा के नौ प्रत्याशी जिला पंचायत सदस्य बने हैं। रालोद के सात हैं। जबकि, भाजपा के पास नौ सदस्य हैं। सपा का दावा था कि रालोद के सदस्य और निर्दलीय मिलाकर बहुमत साबित किया जाएगा। अब रालोद ने अपना प्रत्याशी उतार दिया है। इसीलिए मुकाबला रोचक हो गया है। उधर, भाजपा अपने खेमे में 40 सदस्य होने का दावा कर रही है। 27 निर्दलीय को भी शामिल कर लिया है। मंगलवार को विवाद तब खड़ा हाे गया, जब सपाइयों की नजर एक फोटाे पर पड़ी।

भाजपा नेता ने सपाइयों को चौंकाया

उत्तराखंड के जिम कार्बेट पार्क के इस फोटो में भाजपा के एटा सांसद राजीवर सिंह व एक अन्य भाजपा नेता 25 से अधिक जिला पंचायत सदस्यों के साथ नजर आ रहे हैं। फाेटो ने सपा नेताओं को चौंका दिया। जिन निर्दलीयों को साथ लेने की बात हो रही थी, वे भाजपा नेताओं के साथ पिकनिक मना रहे हैं। विरोध तो करना था। जिलाध्यक्ष गिरीश यादव ने पार्टीजनों को साथ लेकर आपत्ति जता दी। जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर भाजपा नेताओं पर जिला पंचायत सदस्याें को नजरबंद करने का आरोप लगाया। कहा कि इन सभी को मुक्त कराया जाए। यह भी कहा कि पार्टी प्रत्याशी प्रचार करने क्षेत्र में जाती हैं तो कोई सदस्य घर पर नहीं मिलता। पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई। सपा और रालोद नेता समझ चुके हैं कि भाजपा के खेमे में 25 से अधिक सदस्य हैं तो चुनाव जीतना नामुमकिन है। सपा का नया दांव भी तब कुछ काम नहीं आएगा।

chat bot
आपका साथी