अलीगढ़ में विकास की उड़ान भरेंगी मलिन बस्तियां, ये है रणनीति

Aligarh Municipal Corporation शहर की मलिन बस्तियां विकास की उड़ान भरेंगी। प्रदेश सरकार के यूपी उड़ान कार्यक्रम के तहत यहां रहने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। खासकर महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की योजना है।

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 11:32 AM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 11:32 AM (IST)
अलीगढ़ में विकास की उड़ान भरेंगी मलिन बस्तियां, ये है रणनीति
शहर की मलिन बस्तियां विकास की उड़ान भरेंगी।(

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। शहर की मलिन बस्तियां विकास की उड़ान भरेंगी। प्रदेश सरकार के 'यूपी उड़ान' कार्यक्रम के तहत यहां रहने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। खासकर महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की योजना है। नगर निगम ने 15 मलिन बस्तियां चयनित की हैं, जिनमें 59 दिन तक नियमित कार्यक्रम होंगे।

अभियान चलाने की तैयारी

नगर आयुक्त गौरांग राठी ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत चयनित 15 मलिन बस्तियों में साफ-सफाई के साथ बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, प्रधानमंत्री आवास, पीएम स्वनिधि, आयुष्मान भारत आदि योजनाओं का लाभ लोगों काे दिलाया जाएगा।वैक्सीनेशन भी होगा। नगर निगम के अलावा सभी विभागों की इसमें सहभागिता रहेगी। छह दिसंबर से दो फरवरी तक यह अभियान चलेगा। इसके तहत बस्तियों में शिविर लगाए जाएंगे। महिलाओं को साक्षर और आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर रहेगा। उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के साथ सुरक्षा, घरेलू हिंसा के प्रति जागरुक किया जाएगा, जिससे वे अपने अधिकारों को समझ सकें। बच्चों को शिक्षा उपलब्ध हो सके, इसके प्रबंध भी किए जाएंगे।

....

गंदगी मुक्त होंगी बस्तियां

नगर निगम व यूनीसेफ के सहयोग से मलिन बस्तियों को गंदगी से आजादी मिल सकेगी। स्वच्छता अभियान में लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरुक भी किया जाएगा। यही नहीं, बच्चों के लिए यूनीसेफ द्वारा शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी।

....

अपना घर-अपना रोजगार

बेरोजगारों को शिविर में स्वरोजगार की जानकारी दी जाएगी। पीएम स्वनिधि के तहत ऋण मुहैया कराया जाएगा। इसके अलावा पीएम आवास योजना के तहत पात्र लोगों को घर भी मिल सकेगा।

......

इन विभागों की सहभागिता

नगर निगम, डूडा, सूडा, यूनीसेफ, महिला कल्याण, परिवार कल्याण, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, कंप्यूटर सेल, पूर्ति विभाग।

.....

इन बस्तियों में लगेंगे शिविर

छह दिसंबर को डोरी नगर, अाठ दिसंबर को नगला मसानी, 15 दिसंबर को हनुमानपुरी वाल्मीकि बस्ती, 18 दिसंबर को भगवान नगर, 22 दिसंबर को बिहारी नगर, 29 दिसंबर को सरायगढ़ी, एक जनवरी को लड़िया, पांच जनवरी को सोनपालन नगर, 12 जनवरी को रामनगर, 15 जनवरी को चूहरपुर, 19 जनवरी को लच्क्षमपुर, 22 जनवरी को आलमबाग भमोला, 25 जनवरी को नगला मानसिंह, 29 जनवरी को जलालपुर गड़िया, दो फरवरी को मंजूरगढ़ी में शिविर लगेंगे।

chat bot
आपका साथी