अलीगढ़ में ब्लाक प्रमुख के चुनाव में भाजपा के छह प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए, एक निर्दलीय भी

खैर बिजौली गौंडा चंडौस टप्पल धनीपुर व जवां में निर्विरोध चुने गए दावेदार आज नाम वापसी दो ब्लाकों में एक-एक पर्चा वापस होने की संभावना।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 09 Jul 2021 02:02 AM (IST) Updated:Fri, 09 Jul 2021 02:02 AM (IST)
अलीगढ़ में ब्लाक प्रमुख के चुनाव में भाजपा के छह प्रत्याशी  निर्विरोध चुने गए, एक निर्दलीय भी
अलीगढ़ में ब्लाक प्रमुख के चुनाव में भाजपा के छह प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए, एक निर्दलीय भी

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : जिला पंचायत अध्यक्ष के बाद अब ब्लाक प्रमुख चुनाव में भी भाजपा ने परचम लहरा दिया है। गुरुवार को जिले में सात निर्विरोध ब्लाक प्रमुख निर्वाचित हुए। इनमें छह भाजपा के हैं। एक प्रमुख पूर्व विधायक प्रमोद गौड़ के परिवार से निर्दलीय है। भाजपा अपने गढ़ अतरौली से निर्विरोध निर्वाचन नहीं करा सकी। अब पांच ब्लाकों में मुकाबला होना है। शुक्रवार को नाम वापसी है। संभावना जताई जा रही हैं कि दो और ब्लाकों में निर्विरोध निर्वाचन हो सकता है, मगर प्रशासन पांच ब्लाकों में चुनाव की तैयारी कर रहा है। शनिवार को सुबह 11 बजे से ब्लाक स्तर पर मतदान होगा।

जिले में कुल 12 ब्लाक हैं। शनिवार को इनमें ब्लाक प्रमुख के लिए मतदान होना है। गुरुवार सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक ब्लाक कार्यालयों पर नामांकन हुए। इगलास में सपाइयों ने भाजपा नेताओं के नामांकन कक्ष में घुसने पर हंगामा किया। छर्रा में भी सपा-भाजपा के समर्थकों के बीच कहासुनी हुई। सभी 12 ब्लाकों में 20 नामांकन हुए। इनमें खैर से पूर्व विधायक प्रमोद गौड़ की पुत्रवधू सौम्या गौड़ के सामने कोई भी नामांकन नहीं आया। ये निर्विरोध चुनी गईं। भाजपा के बिजौली से उमेश चंद्र यादव, गौंड़ा से नरेंद्र सिंह, चंडौस से सीमा सिंह, टप्पल से बीना, धनीपुर से पूजा, जवां से हरेंद्र सिंह के सामने भी कोई पर्चा नहीं आया। ये सभी निर्विरोध निर्वाचित हुए। भाजपा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के गढ़ अतरौली ब्लाक पर निर्विरोध निर्वाचन नहीं करा सकी। यहां भाजपा प्रत्याशी राजेश्वरी देवी के सामने निर्दलीय ममता देवी ने नामांकन किया है। अकराबाद, इगलास के सामने सपा के दावेदारों ने नामांकन किया है। गंगीरी में निर्दलीय से मुकाबला है। लोधा पर भाजपा प्रत्याशी के पति ने डमी के रूप में नामांकन किया है।

.........

ब्लाकवार नामांकन

- अकराबाद (अनारक्षित) पर भाजपा से राहुल सिंह/उनकी पत्नी ने निर्दलीय रिचा शर्मा और सपा से अनुज प्रताप सिंह।

- अतरौली (अन्य पिछड़ा वर्ग महिला) पर भाजपा से राजेश्वरी देवी व निर्दलीय ममता।

- इगलास (अनुसूचित जाति) पर भाजपा से भगवान देवी व सपा से स्नेहलता।

- गंगीरी (छर्रा-अन्य पिछड़ा वर्ग) पर भाजपा से राकेश सिंह, निर्दलीय वीरवती व राकेश।

- गौंडा (अनारक्षित) पर भाजपा से नरेंद्र चौधरी (निर्विरोध)।

- चंडौस (महिला) पर भाजपा से सीमा सिंह (निर्विरोध)।

- जवां (अनारक्षित) पर भाजपा से हरेंद्र सिंह (निर्विरोध)।

- टप्पल (अनारक्षित) पर भाजपा से निवर्तमान ब्लाक प्रमुख बीना देवी (निर्विरोध)।

- धनीपुर (अनुसूचित जाति महिला) पर भाजपा से पूजा दिवाकर (निर्विरोध)।

- बिजौली (अन्य पिछड़ा वर्ग) पर भाजपा से उमेश यादव (निर्विरोध)।

- लोधा (अनारक्षित) पर भाजपा से गुंजन सिंह व उनके पति हरेंद्र सिंह।

- खैर (महिला) पर पूर्व विधायक प्रमोद गौड़ की पुत्रवधु निर्दलीय सौम्या गौड़ (निर्विरोध)।

...........

12 ब्लाक प्रमुख पदों के लिए 20 नामांकन आए। इनमें से एक खारिज हो गया। सात ब्लाकों में एक-एक नामांकन आया। इनके प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय है। पांच ब्लाकों में अब मुकाबला होना है।

कौशल कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी

chat bot
आपका साथी