अलीगढ़ के सराय हकीम में सीवर लाइन ने बढ़ाईं लोगों की मुश्किलें, अफसर शांत

स्मार्ट सिटी की रैंकिंग में अलीगढ़ की स्थिति भले ही सुधर गई हो लेकिन गली-माेहल्लों के हालात न सुधर सके। अनियोजित विकास जन जीवन काे प्रभावित कर रहा है। शहर के मोहल्ला सराय हकीम में बदहाली का आलम है।

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 10:14 AM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 10:14 AM (IST)
अलीगढ़ के सराय हकीम में सीवर लाइन ने बढ़ाईं लोगों की मुश्किलें, अफसर शांत
शिकायतों पर भी नगर निगम अफसर सुनवाई नहीं कर रहे।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। स्मार्ट सिटी की रैंकिंग में अलीगढ़ की स्थिति भले ही सुधर गई हो, लेकिन गली-माेहल्लों के हालात न सुधर सके। अनियोजित विकास जन जीवन काे प्रभावित कर रहा है। शहर के मोहल्ला सराय हकीम में बदहाली का आलम है। सीवर लाइन ने यहां मुश्किलें बढ़ा दी हैं, खोदी गईं सड़कें हादसों का सबब बनी हुई हैं। गंदगी-दुर्गंध से क्षेत्रीय लोगों का बुरा हाल है। शिकायतों पर भी नगर निगम अफसर सुनवाई नहीं कर रहे।

यह है मामला

वार्ड आठ में शामिल मोहल्ला सराय हकीम की गली गुलरिया में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। नालियां चोक पड़ी हैं। सीवर लाइन के लिए खोदी गईं सड़कें लाइन डालने के बाद भी ठीक नहीं कराई गईं। नालियों का गंदा पानी घरों के आगे भरता है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यहां घनी आबादी होने के बाद भी डलावघर बना दिया है। हर रोज यहीं कूड़ा डाला जाता है। हफ्तेभर तक कूड़ा पड़ा रहता है। इतनी जगह नहीं बचती कि गली से होकर आसानी से निकला जा सके। अशोक नगर निवासी सचिन वार्ष्णेय ने बताया कि सीवर लाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी, लेकिन इसे ठीक नहीं कराया। वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई बार वाहन चालक घायल भी हुए। शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही। विशाल देशभक्त ने बताया कि सट्टे वाली गली के पास भी सीवर लाइन के लिए सड़क खोदकर डाल दी है। आवागमन में दिक्कत हो रही है। ठेकेदार आते हैं और मुआयना करके चले जाते हैं। शहर विधायक से भी शिकायत कर चुके हैं। एक गली में सीवर लाइन डाली ही नहीं गई।

23 हजार कनेक्शन

एबीडी एरिया में 32 किमी सीवर लाइन डालने का लक्ष्य जल निगम को मिला है। 31.69 किमी सीवर लाइन डाल दी। लेकिन, कनेक्शन देने के लक्ष्य में जल निगम काफी पिछड़ गया। 42 हजार कनेक्शन के सापेक्ष 23 हजार कनेक्शन ही हुए हैं। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने नाराजगी जताते हुए जल निगम, जलकल विभाग और स्मार्ट सिटी के अफसरों को इस माह के अंत तक लक्ष्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

गलियों में पानी भरा रहता है। गंदगी-दुर्गंध से हालत खराब है। सड़कें खोदकर डाल दी हैं। अधिकारी सुनवाई नहीं करते।

दीपक गुप्ता, सराय हकीम

काफी परेशानी हो रही है। सीवर लाइन डालने के लिए सड़कें खोदी गई हैं तो ठीक भी कराई जाएं। आए दिन हादसे हो रहे हैं। सड़कें खोदने के कई दिनों बाद सीवर लाइन डालने का काम शुरू हुआ था। अब सड़कें ठीक नहीं कराई जा रहीं

सचिन वार्ष्णेय, अशोक नगर

क्षेत्रीय लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए पूरा प्रयास कर रहे हैं। जलभराव और सड़कों की मरम्मत को लेकर निगम अफसरों से वार्ता हुई है।

राजेंद्र किशाेर, क्षेत्रीय पार्षद

chat bot
आपका साथी