अलीगढ़ में आठ और अवैध निर्माणों पर सीलिंग की कार्रवाई

एडीए की टीम ने क्वार्सी थाना क्षेत्र में दिखाई सख्ती।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 10:13 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 10:13 PM (IST)
अलीगढ़ में आठ और अवैध निर्माणों पर सीलिंग की कार्रवाई
अलीगढ़ में आठ और अवैध निर्माणों पर सीलिंग की कार्रवाई

जासं, अलीगढ़ : अवैध निर्माण के खिलाफ अलीगढ़ विकास प्राधिकरण की कार्रवाई जारी है। गुरुवार को क्वार्सी थाना क्षेत्र में आठ अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया। पुलिस बल के साथ यह कार्रवाई की गई।

बुधवार से एडीए के अभियंताओं की टीम ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र से सीलिग की कार्रवाई शुरू की थी। पहले दिन बिना नक्शे बनी सात बहुमंजिला इमारतों को सील किया गया। गुरुवार को क्वार्सी थाना क्षेत्र में आठ भवन और सील कर दिए। अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह ने बताया कि टीम ने सबसे पहले नूरुशा शबा व अनस अहमद द्वारा धौर्रामाफी में 450 वर्गगज क्षेत्रफल में बिना नक्शा बनाए गए बेसमेंट व पांच मंजिला निर्माण को सील किया गया। टीम संतोष कुमार वाष्र्णेय के शांति नर्सिंग होम के सामने जनकपुरी रामघाट रोड पर 320 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्वीकृत मानचित्र के खिलाफ किए गए निर्माण को सील करने पहुंची। यहां से कार्रवाई के बाद राजुद्दीन व राशिद अली द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए टीचर्स कालोनी मंजूरगढ़ी निकट मोनार्क अपार्टमेंट के सामने 600 वर्ग गज क्षेत्र में बने भवन को सील किया गया। यहां से टीम सुरेंद्र नगर स्थित बर्फ खाना रोड स्थित भगवती फर्नीचर हाउस के सामने पहुंची। यहां पर मोहम्मद शाहिद द्वारा 700 वर्ग गज क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए बेसमेंट व तीन मंजिला निर्माण को सील कर दिया गया। टीम इसके बाद मंजूरगढ़ी में पहुंची। यहां पर सतीश कुमार द्वारा 900 वर्ग गज क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए 8 दुकानों के निर्माण को सील कर दिया। स्वर्ण जयंती नगर में गीता प्रधान द्वारा उपाध्याय मेडिकल स्टोर के सामने 175 वर्ग गज क्षेत्रफल में किए गए निर्माण को तीन मंजिला निर्माण को सील कर दिया गया। प्रशांत कुमार अग्रवाल द्वारा ज्ञान सरोवर के निकट 100 फुटा रोड पर किशनपुर में 500 वर्ग गज भूमि पर बेसमेंट व चार मंजिल का निर्माण नक्शे के खिलाफ मिलने पर सील किया गया। सबसे आखिरी में शकील अहमद द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए 600 वर्ग गज क्षेत्र में भूतल व चार मंजिल का निर्माण सील किया गया। इस मौके पर सहायक अभियंता आरके गुप्ता, दूधनाथ, गंगेश कुमार सिंह, मनोज कुमार शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।

जारी रहेगा अभियान : प्रभारी सचिव अर्जुन सिंह तोमर ने बताया कि अभियान जारी रहेगा। देहलीगेट, बन्नादेवी व कोतवाली क्षेत्र में भी कार्रवाई होगी। अवैध निर्माणों को चिह्नित किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी