अलीगढ़ में समर्पण निधि अभियान की शुरुआत, राम भक्‍त उत्‍साहित

अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर शुक्रवार को समर्पण निधि संग्रह अभियान की शुरुआत हो गई। शहर में बड़ी संख्या में रामभक्त निकले और जनता से निधि संग्रह किया। निधि संग्रह में जुटे रामभक्त जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे

By Sandeep kumar SaxenaEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 01:32 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 01:32 PM (IST)
अलीगढ़ में समर्पण निधि अभियान की शुरुआत, राम भक्‍त उत्‍साहित
अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर समर्पण निधि संग्रह अभियान की शुरुआत हो गई।

अलीगढ़, जेएनएन। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर शुक्रवार को समर्पण निधि संग्रह अभियान की शुरुआत हो गई। शहर में बड़ी संख्या में रामभक्त निकले और जनता से निधि संग्रह किया। निधि संग्रह में जुटे रामभक्त उत्साह में जय श्रीराम का जयघोष भी लगा रहे थे, जिससे पूरा वातावरण राममय हो गया। महानगर के 15 नगरों में संघ के कार्यकर्ता गली-गली निकले। हर व्यक्ति से वह समर्पण निधि के लिए आग्रह कर रहे हैं। लोगों में मंदिर निर्माण को लेकर जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। राम मंदिर निर्माण के लिए करीब एक महीने से जन-जागरूकता अभियान चल रहा था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पूरे जिले में प्रभातफेरी और टोलियां निकालकर लोगों से समर्पण निधि की अपील  की। 

श्रीराम का मंदिर सारी दुनिया के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा

आरएसएस के विभाग प्रचारक जितेंद्र ने गभाना में संघचालक नीरज गुप्ता से एक लाख एक हजार रुपये का समर्पण कराया। नीरज गुप्ता ने कहा कि प्रभु श्रीराम के मंदिर निर्माण को लेकर वर्षों आस थी, जो पूरी हो रही है, इससे खुशी की और क्या बात हो सकती है। विभाग प्रचारक ने कहा कि अलीगढ़ निधि संग्रह में सबसे आगे होगा। प्रभु श्रीराम का मंदिर सारी दुनिया के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। विभाग प्रचारक चंडौस, जट्टारी, इगलास यहां से हाथरस पहुंचे। कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक निधि संग्रह की अपील की। प्रचार प्रमुख भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि शहर में 15 नगरों में शाखा के अनुसार टोलियां निकली। हमारी कोशिश है कि शहर की एक भी गली शेष ना रह जाए, हर जगह कार्यकर्ता पहुंचे और राम मंदिर के निर्माण के लिए लोगों से निधि की अपील करें। उन्होंने कहा कि जनता में जबदस्त उत्साह दिख रहा है। हर कोई प्रभु के मंदिर के निर्माण के लिए दान देने को तैयार है। लोग कह रहे हैं कि इससे अच्छा सौभाग्य और नहीं हो सकता है। 

जयश्रीराम का जयघोष 

महानगर संघचालक अजय सराफ, महानगर कार्यवाह रतन वाष्र्णेय समेत 15 नगरों के संघचालक और नगर कार्यवाह भी निधि संग्रह के लिए टोलियों के साथ निकले। रावणटीला क्षेत्र में साध्वी पुनीता चेतन के नेतृत्व में टोली निकली और घर-घर जाकर धन संग्रह किया। पुनीता चेतन ने कहा कि प्रभु श्रीराम के काम के लिए कोई मना नहीं करता, बल्कि लाेगों को आत्मसंतुष्टि मिल रही है। लोग उत्साह में जयश्रीराम का जयघोष भी लगा रहे हैं। पार्षद डॉ. मुकेश शर्मा ने कहा कि लाेगों का उत्साह देखकर तो 1990-92 का आंदाेलन याद आ गया। इसी प्रकार से हर तरफ राम लहर दिखाई दे रही थी, शुक्रवार को ऐसा ही दृश्य था जिसे देखकर मैं अभिभूत हो गया।

chat bot
आपका साथी