अलीगढ़ में रात में झमाझम बारिश, सुबह से गिरने लगे ओले

कई इलाकों में जलभराव रैन बसेरे में भर गया पानी बढ़ गई ठिठुरन न्यूनतम तापमान 12 व अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस रहा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 04 Jan 2021 02:34 AM (IST) Updated:Mon, 04 Jan 2021 02:34 AM (IST)
अलीगढ़ में रात में झमाझम बारिश, सुबह से गिरने लगे ओले
अलीगढ़ में रात में झमाझम बारिश, सुबह से गिरने लगे ओले

जासं, अलीगढ़ : जिले भर में रविवार को जोरदार बरसात व ओलावृष्टि ने सर्दी के तेवर तल्ख कर दिए। मौसम के बदले मिजाज ने हर आदमी को प्रभावित किया। ठिठुरन बढ़ने का असर दिनचर्या पर भी पड़ा। लोग घरों से कम निकले। बिजली गिरने से गांव औरंगाबाद में किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई। लोधा में दीवार ढहने से किशोर ने दम तोड़ दिया। फसलों में भी नुकसान हुआ है। इगलास के नगला जुझार में किसानों ने प्रदर्शन कर मुआवजे की मांग की। इस दौरान सड़क जाम कर दी गई। तहसीलदार सौरभ यादव के मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर किसान शांत हुए। प्रशासनिक टीमें नुकसान का आकलन करने में जुटी हैं।

मौसम का मिजाज शनिवार रात ही बिगड़ गया था। शीतलहर के बीच बूंदाबांदी ने कंपकंपी छुड़ा दी। सुबह पांच बजे बारिश शुरू हो गई, इसके बाद करीब 15 मिनट तक ओले गिरे। फिर शीत लहर शुरू हो गई। 12 बजे सूरज ने दर्शन दिए, लेकिन कुछ मिनट बाद ही बादलों में छिप गया। दोपहर के वक्त शाम सा नजारा था। चार बजे मौसम फिर बदलने लगा। आसमान में काली घटा छा गई और गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। बादलों की गड़गड़ाहट से कान सुन्न पड़ गए। न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री लुढ़क 12 डिग्री पर आ गया और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्दी के चलते सड़कों पर चहल-पहल कम थी। रेहड़ी, पटरी वाले, मजदूर ठिठुरते नजर आए। सड़कों पर अलाव भी नहीं जल सके। खैर रोड, नगला मसानी, कुंजलपुर के निकट मुख्य मार्ग, नगला मल्लाह, रजानगर में जलभराव हो गया।

रैन बसेरों में भरा पानी

नगर निगम के अस्थायी रैन बसेरे बारिश में टपकने लगे। नौरंगीलाल इंटर कॉलेज के पास रैन बसेरा तहस-नहस हो गया। केला नगर चौराहे के पास रैन बसेरे में पानी भरा गया। दोपहर के वक्त कर्मचारियों ने भीगें बिस्तरों को बाहर निकाला। रैन बसेरों के बाहर पड़ी अलाव की लकड़ियां भीग गईं। मौसम को देखते हुए नगर निगम अस्थायी रैन बसेरों को पॉलीथिन से ढकेगा।

ट्रांसफार्मर फुंके, गुल हुई बिजली

बारिश के दौरान कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर फुंक गए। तालानगरी में धमाके के साथ ट्रांसफार्मर फुंका। मानो बिजली गिरी हो। खैर रोड, आगरा रोड, जीटी रोड पर भी ट्रांसफार्मर फूंके, जिससे उन इलाकों में बिजली गुल रही। बाकी क्षेत्रों में भी फॉल्ट होने से बिजली आती-जाती रही।

नगर निगम हुआ सक्रिय

नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने जलभराव से प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों के लिए टीमें मुस्तैद कर दीं। अधिकारियों को सीयूजी नंबर ऑन रखने के निर्देश दिए हैं। एक और अस्थायी रैन बसेरा खोलने को कहा है।

..........

ओलावृष्टि ने किसानों की धड़कनें बढ़ाईं

जासं, अलीगढ़ : बारिश व ओलावृष्टि ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। आलू और सरसों को नुकसान हुआ है। जिन खेतों में पहले से पानी लगा था, वहां बारिश में पानी भर गया। ओलावृष्टि से सरसों के फूल झड़ गए। नगला जुझार, इगलास, खैर आदि क्षेत्रों में पौधे गिर गए। आलू की जड़ों में पानी भरने से झुलसा रोग लगने की संभावना जताई जा रही हैं। कृषि रक्षा इकाई के प्रभारी बीएल शर्मा बताते हैं कि बारिश व ओलावृष्टि से अभी फसलों को नुकसान नहीं है। आलू में रोग लगने की संभावना हो तो किसान कृषि विशेषज्ञों से सलाह लें। यह बारिश गेहूं, लाहा, दलहनी फसल के लिए लाभकारी है।

मटर तोड़ रहे थे किसान, मौत आ गई

हरदुआगंज के गांव औरंगाबाद में आकाशीय बिजली से खेत पर काम कर रहे गांव शाहपुर निवासी चंद्रवीर व मजदूर गया (बिहार) निवासी विनोद मांझी की मौत हो गई। दोनों मटर तोड़ रहे थे।

.......

लोधा में दीवार गिरी, मलबे

में दबकर बालक की मौत

लोध क्षेत्र के गांव नौगवां -अर्जुनपुर में बारिश के दौरान एक मकान की कच्ची दीवार गिरने से एक बालक की मौत हो गई। कारखाने में मजदूरी करने वाले गांव के नबी हसन आर्थिक स्थिति दयनीय होने के कारण झोपड़ीनुमा कच्चे मकान में रहते हैं। रविवार तड़के शुरू हुई तेज बारिश के चलते मकान की एक कच्ची दीवार भरभरा कर ढह गई। यहां नबी हसन का बड़ा बेटा 14 वर्षीय चांद बाबू सोया हुआ था। जो मलबे में दब गया। शोर-शराबे पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर आ गए और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर उसमें दबे हुए बालक चांद बाबू को बाहर निकाला। चांद बाबू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एसओ लोधा राम वकील सिंह ने बताया कि स्वजन ने बालक के शव का पोस्टमार्टम व अन्य किसी प्रकार की कार्रवाई करने से साफ इंकार किया है।

........

ओलावृष्टि इतनी नहीं हुई कि गेहूं को नुकसान हो। आलू में जिन किसानों ने पानी लगा दिया है, उनके लिए नुकसान है। सरसों की फसल में जहां फूल आ चुके हैं, वे तेज बारिश से झड़ जाएंगे। सोमवार को मौसम साफ होता है तो किसानों के लिए वरदान साबित होगा।

डॉ. वीके सचान, कृषि उप निदेशक (शोध)

chat bot
आपका साथी