हाथरस में बारिश का कहर जारी, गिर रहे मकान व छतें
बारिश अब आम जिंदगी पर कहर बरपा रही है। जनपद में आसपास के इलाकों में पानी भरने से मकान और छतों का गिरना जारी है। इससे लोगों का आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। शहर में खोंड़ा हजारी मोहल्ले में गुरुवार को एक मकान की छत गिर गई।
हाथरस, जेएनएन। पिछले दिनों हुई बारिश अब आम जिंदगी पर कहर बरपा रही है। जनपद में आसपास के इलाकों में पानी भरने से मकान और छतों का गिरना जारी है। इससे लोगों का आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। शहर में खोंड़ा हजारी मोहल्ले में गुरुवार को एक मकान की छत गिर गई। बारिश होने से बिजली व्यवस्था पर भी असर पड़ा है।
बारिश से जलभराव
मोहल्ला खोड़ा हजारी में विजय सिंह का मकान है। सुबह को बारिश से उनका मकान की छत गिर गई। मकान में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित व्यक्ति ने जिलाधिकारी से मुआवजा की मांग की है। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया है। पुरदिलनगर क्षेत्र में ईशन नदी का पानी ओवरफ्लो करने लगा है। यह पानी खेतों से आगे बढ़कर गांव में आबादी में घुस रहा है। वहीं बारिश में पोल गिरने से कई गांवों में बिजली गुल हो गई है। हसायन क्षेत्र में कई पोल गिर गए हैं। सादाबाद के बिसावर क्षेत्र में भी बिजली व्यवस्था बिगड़ी हुई है। कई गांवों में बिजली संकट बना हुआ है। बारिश के कारण कर्मचारी काम नहीं कर पा रहे हैं। कुछ स्थानों पर पोलों में करंट आने की शिकायतें मिल रही है। जर्जर लाइन और पोल न बदलने से बिजली संकट अधिक बढ़ रहा है।
दो लोगों की हो चुकी है मौत
मंगलवार को दोपहर बाद से लेकर बुधवार को देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। शहर के कांशीराम कालोनी में बिजली के पोल में करंट आने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं साकेत कालोनी में एक शिक्षक की छत गिरने से मौत हो गई। वहीं हाथरस जंक्शन क्षेत्र में दो मकान गिरने से लाखों का नुकसान हुआ है। पुरदिलनगर क्षेत्र के अलावा हसायन के मोहल्ला कछियान कला में भी कई मकान गिरे हैं। इससे लोगों का काफी नुकसान हुआ है।