Aligarh Weatherforecast : तेज ठंड के बीच बारिश और ओलावृष्टि, जनजीवन बाधित, शहर में जलभराव से परेशानी
कड़ाके की ठंड के बीच जोरदार बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। शहर से लेकर देहात के अधिकतर इलाकों में आज (रविवार) तड़के गरज के साथ तेज बारिश हुई। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई।
अलीगढ़, जेएनएन। कड़ाके की ठंड के बीच जोरदार बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। शहर से लेकर देहात के अधिकतर इलाकों में आज (रविवार) तड़के गरज के साथ तेज बारिश हुई। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे एक बार फिर शीत लहर बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। बारिश के बाद शहर में जनजीवन बाधित हो गया है। 10 बजे के बाद भी सूरज के दर्शन नहीं हुए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते दिखे। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। अधिकतम 20 डिग्री रहने की संभावना है।
फिर हो सकती है बूंदाबांदी व बारिश
आज सुबह करीब 5 बजे गरज के साथ खूब बारिश हुई है। लोग सोकर उठे तो फिर ठंडक का एहसास हुआ। हालांकि, शनिवार को ही बूंदाबांदी व आसमान पर बादल छाए रहने से पहले ही बारिश की आशंका थी। आज बारिश के बाद ठंडक फिर बढ़ गई। आसमान पर बादल छाए हए हैं। सूर्यदेव ने आज भी दर्शन नहीं दिए हैं। मौसम विशेषज्ञों ने 6 व 7 जनवरी तक अभी ऐसे ही हालात रहने की आशंका जताई है। बूंदाबांदी व बारिश फिर हो सकती है।
अभी नुकसान नहीं, और बारिश न हो
इगलास: क्षेत्र में कहीं बारिश तो कहीं ओलावृष्टि ने किसानों की खुशियों पर प्रश्नचि लगा दिया है। सर्द हवाओं के चलते ठंड में भी इजाफा हुआ है। अभी किसान बारिश से फसल में ज्यादा नुकसान होना नहीं बता रहे हैं। लेकिन उन्हें चिंता इस बात की है कि यदि और बारिश हुई तो फसल बर्बाद हो जाएगी। कुछ समय के लिए ओलावृष्टि भी हुई। जिन खेतों में पहले से पानी लगा हुआ था वहां और पानी भर गया। मौसम के बिगड़े मिजाज को देख किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि अभी बारिश व ओलावृष्टि से फसल में कोई खास नुकसान नहीं है। वही किसानों को मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को लेकर चिंता सता रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश में चार दिन तक बारिश के आसार जताए हैं। मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी किया गया है।
आलू की फसल में भारी नुकसान होने की संभावना
किसानों का कहना है कि और बारिश होती है तो आलू की फसल में भारी नुकसान होने की संभावना है। अभी जो बारिश हुई है इससे आलू की फसल में चुर्री रोग आने लगेगा। कृषि रक्षा इकाई के प्रभारी बीएल शर्मा ने बताया कि अभी बारिश व ओलावृष्टि से फसलों में नुकसान नहीं है। मौसम साफ होकर धूप निकलती है तो आलू की फसल में रोग आने की संभावना है। रोग आने पर किसान तुरंत कृषि विशेषज्ञों से सलाह लें। वहीं उन्होंने बताया कि यह बारिश गेहूं, लाहा, दलहनी फसल के लिए लाभकारी है।