अलीगढ़ की कांशीराम कालोनी में हल होंगी समस्याएं

नगर आयुक्त ने सात दिन का दिया समय अफसरों ने किया मौका-मुआयना।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 06:56 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 06:56 PM (IST)
अलीगढ़ की कांशीराम कालोनी में हल होंगी समस्याएं
अलीगढ़ की कांशीराम कालोनी में हल होंगी समस्याएं

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : लंबे समय से समस्याओं से जूझ रही कांशीराम कालोनी की याद अफसरों को आ ही गई। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने नगर निगम, एडीए और डूडा के अफसरों को फटकार लगाकर सात दिन में समस्याओं का हल करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को संबंधित विभागों के अफसरों ने कालोनी में जाकर मौका मुआयना किया।

एलमपुर में 2008 में बनी कांशीराम कालोनी में सड़क, सफाई और पेयजल की समस्या बनी हुई है। एडीए ने इस कालोनी का निर्माण कराया था। लेकिन, नगर निगम की सुपुर्दगी में नहीं दिया। कालोनी में बसे लोग जब भी अपने समस्याएं लेकर नगर निगम आते तो इसी का हवाला देकर उन्हें लौटा दिया जाता। निगम अधिकारियों का कहना था कि एडीए द्वारा सुपुर्दगी मिलने के बाद ही विकास कार्य कराए जा सकते हैं। नगर आयुक्त ने जीएम जल अनवर ख्वाजा, निर्माण विभाग अधिशासी अभियंता अशोक भाटी, डूडा के परियोजना अधिकारी प्रभात मिश्रा व एडीए के सचिव अर्जुन सिंह तोमर के साथ समीक्षा कर सात दिन में समस्याओं का स्थायी समाधान कराने के निर्देश दिए हैं। पंप लगाकर जलभराव की समस्या के तत्काल निस्तारण को कहा है। फागिग, एंटी लार्वा दवा का छिड़काव, सैनिटाजेशन के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि कालोनी में किसी तरह की समस्या नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए नगर निगम के अफसरों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

......

आतिशबाजी के गोदामों का निरीक्षण जासं, अलीगढ़ : डीएम के निर्देशन में दीपावली के त्योहार को देखते हुए गठित कमेटी के अधिकारियों ने आतिशबाजी की दुकान व गोदामों का निरीक्षण किया। टीम सबसे पहले कोल तहसील के अमरपुर कोंडरा स्थित तस्लीम एंड संस के गोदाम पर पहुंची। यहां पर जांच पड़ताल की। इसके बाद पनैठी स्थित अग्रवाल प्रोडक्ट्स की दुकान की जांच की। इसमें दुकानदारों को विशेष सतर्कता बरतते हुए नियमों का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम कोल संजीव ओझा मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी