नई ज्योति देकर पंचतत्व में विलीन हुईं अलीगढ़ की पूजा

अंगदान कर पूरे शहर में चर्चा में आया भार्गव परिवार शिक्षिका की अंतिम विदाई पर हर आंख नम।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 02:03 AM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 02:03 AM (IST)
नई ज्योति देकर पंचतत्व में विलीन हुईं अलीगढ़ की पूजा
नई ज्योति देकर पंचतत्व में विलीन हुईं अलीगढ़ की पूजा

जासं, अलीगढ़ : अंगदान करके पांच लोगों को जीवन देने वाली शिक्षिका पूजा भार्गव का शव शुक्रवार सुबह 11 बजे मैरिस रोड स्थित श्याम मुन्नी निवास पहुंचा। शव देख स्वजन दहाड़ मार मारकर रोने लगे। अंतिम दर्शन को तमाम लोग पहुंचे। हर किसी की जुबान पर पूजा की चर्चा थी। पति सौरभ भार्गव के साहसी कदम को भी लोग सराह रहे थे। लोग कह रहे थे कि मौत के आगोश में भी पूजा जिदगी देने का पाठ पढ़ा गईं। नुमाइश मैदान स्थित श्मशान गृह में पति सौरभ ने मुखाग्नि दी।

पूजा भार्गव की बुधवार रात नोएडा स्थित फोर्टिस अस्पताल में मौत हो गई थी। उन्हें ब्रेन में दिक्कत थी। डाक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया था। पूजा के पति सौरभ भार्गव से अंगदान का आग्रह किया था, जिस पर सौरभ राजी हो गए। पूजा के हृदय, फेफड़ा, दोनों किडनी और लिवर दान किया गया था। इसे पांच जरूरतमंद मरीजों को प्रत्यारोपित किया गया, जिससे उन्हें नया जीवन मिल सके। शुक्रवार को पूजा का शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पति सौरभ और बेटे अनंत को लोग संभाल रहे थे। हर आंख नम थी। अभी कुछ महीने पहले ही पूजा के ससुर प्रदीप भार्गव की भी मौत हो गई थी। परिवार में दो मौत से मानो वज्र टूट पड़ा हो। बस ट्रांसपोर्ट का काम पूजा के ससुर प्रदीप भार्गव संभालते थे। पूजा के पति सौरभ भार्गव ताला-हार्डवेयर का निर्यात करते हैं। सौरभ के छोटे भाई गौरव भार्गव कोचिग सेंटर व इंस्टीट्यूट चलाते हैं।

मिसाल पेश कर गईं पूजा

देहदान कर्तव्य संस्था के डा. एसके गौड़ ने कहा कि पूजा ने अंगदान कर मिसाल पेश की है। संस्था के संरक्षक राजाराम मित्र ने कहा कि मृत्यु के बाद जीने का यही एक रास्ता है। उपाध्यक्ष डा. आशा राठी ने कहा कि पूजा का त्याग सर्वोपरि है। सचिव डा. जयंत शर्मा व कोषाध्यक्ष हितेश छाबड़ा ने कहा कि अंग प्रत्यारोपण की सर्जरी की सुविधा यहां होनी चाहिए। डा. डीके वर्मा, भुवनेश वाष्र्णेय आधुनिक ,योगेश शर्मा, विवेक अग्रवाल आदि ने पूजा को वीरांगना की उपाधि दी।

साहसी थीं पूजा

हर किसी ने पूजा और उनके पति को साहसी बताया। प्रमुख उद्योगपति धनजीत वाड्रा, समाजसेवी प्रीति वाड्रा, अलीगढ़ क्लाथ मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, अलीगढ़ उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री शमन माहेश्वरी, सेंटर प्वाइंट व्यापार मंडल के अध्यक्ष विवेक बगाई, महामंत्री दीपक गर्ग, मानव उपकार संस्था के विष्णु कुमार बंटी सहित तमाम समाजसेवियों ने पूजा के निधन पर दु:ख तो जताया, साहसिक कार्य पर परिवार की सराहना भी की। स्टूडियो पर आरोप

पूजा के देवर गौरव भार्गव ने मकान से सटे एक रेस्टोरेंट पर गंभीर आरोप लगा दिए। कहा, रेस्टोरेंट पर टेरेस गार्डन हैं, वहा रात नौ से 12 बजे डीजे बजता है। पार्टी में शामिल होने वाले लोग हंगामा करते हैं। कानफोड़ू साउंड से घर के सदस्यों की नींद उड़ जाती है। इसकी शिकायत एडीजी असीम अरुण से भी कर चुके हैं, मगर कार्रवाई नहीं हुई। रेस्टोरेंट के मालिक ने आरोप निराधार बताया है। कहा, रात नौ बजे के बाद डीजे नहीं बजता। नियमानुसार प्रतिष्ठान का संचालन हो रहा है। पीड़ित परिवार के साथ हमारी सहानुभूति है। फिर भी कोई शिकायत है तो उसे दूर करेंगे।

chat bot
आपका साथी