Pollution Control : पराली जलाने वाले छह किसानों पर मुकदमा, 14 लेखपालों को नोटिस Aligarh News

पराली जलाने के मामले में खैर तहसील में छह किसानों के खिलाफ पर्यावरण प्रदूषित करने को लेकर मुकदमा दर्ज हो गया।

By Sandeep SaxenaEdited By: Publish:Wed, 20 Nov 2019 02:59 PM (IST) Updated:Wed, 20 Nov 2019 02:59 PM (IST)
Pollution Control : पराली जलाने वाले छह किसानों पर  मुकदमा, 14 लेखपालों को नोटिस Aligarh News
Pollution Control : पराली जलाने वाले छह किसानों पर मुकदमा, 14 लेखपालों को नोटिस Aligarh News

अलीगढ़ (जेएनएन)। पराली जलाने के मामले में खैर तहसील में छह किसानों के खिलाफ पर्यावरण प्रदूषित करने को लेकर मुकदमा दर्ज हो गया। एसडीएम ने इन किसानों पर 1.70 लाख का जुर्माना भी लगाया, साथ ही 14 लेखपालों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।  इधर, अतरौली तहसील में भी पांच किसानों से 13 हजार का जुर्माना लगाया है। सेटेलाइट के माध्यम से अब तक जिले में 88 मामले सामने आए हैं। इनमें से 46 का सत्यापन हो गया है। लेखपाल व कृषि विभाग के कर्मचारियों को इस पर अंकुश के लिए सख्त हिदायत दी गई है।

ऐसे फैल रहा है प्रदूषण

धान की कटाई के बाद किसान फसल अवशेष (पराली) जला देते हैं। इससे प्रदूषण फैलाता है। राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण से इस संबंध में दो साल पूर्व दिशा निर्देश जारी हुए थे। डीएम ने इसके लिए कमेटी गठित कर दी। इसमें एडीएम वित्त, अपर पुलिस अधीक्षक, उप कृषि निदेशक व पंचायत राज अधिकारी शामिल किए गए। इसके साथ ही सभी तहसीलों के एसडीएम को भी पराली जलाने वाले किसानों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

लेखपालों से मांगा स्पष्टीकरण

इसी के चलते मंगलवार से एसडीएम ने कार्रवाई शुरू कर दी। अकेले खैर तहसील में ही अब तक कुल 36 पराली जलाने के मामले सामने आए हैं। इनमें से 10 का भौतिक सत्यापन हो चुका है। सभी किसानों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इन सभी के खिलाफ 1.70 लाख का जुर्माना लगाया है। 14 लेखपालों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसी साल पराली जलाने में पुनरावृत्ति करने वाले छह किसानों के खिलाफ टप्पल थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। इसमें हजियापुर टप्पल निवासी हरपाल व महीपाल, मालव के प्रदीप फौजदार, अटारी के मनोज, नगला खुर्द के सत्यवीर, शेरपुर के अमित गोयल शामिल हैं।

अतरौली में 13 हजार का जुर्माना

एसडीमए अतरौली ने पांच किसानों पर 13 हजार का जुर्माना लगाया है। इनमें नवीपुर के जंगजीत सिंह पर ढाई हजार, गोविंद नगरा मजरा के गंलजार सिंह पर पांच हजार, नवीपुर के गुरुनाम सिंह पर ढाई हजार, भूड नगरिया के ओमप्रकाश पर पांच सौ, सहनौल की मंजू पर ढाई हजार पर जुर्माना लगा है। इनमें तीन मामले पराली जलाने व दो यूकेलिप्टस के पत्ते जलाने के हैं। एसडीएम ने अमीन के माध्यम से इन्हें तहसील बुलाकर हिदायत भी दी है।

खैर में इस तरह लगा जुर्माना

चार किसानों पर 15-15 हजार, 12 किसानों पर पांच-पांच हजार, 20 किसानों पर ढाई-ढाई हजार जुर्माना लगा है। दूसरे चरण में भी 41 नए किसान चिह्नित किए गए हैं। इनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होगी।

छह किसानों पर मुकदमा दर्ज

डीएम चंद्रभूषण सिंह का कहना है कि पर्यावरण को लेकर सभी को गंभीर रहना होगा। खैर में छह लोगों पर मुकदमा दर्ज हो गया है। अगर इस पर अंकुश नहीं लगता है तो आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। किसानों से अपील है कि वह पराली का जैविक खाद के रूप में प्रयोग करें।

chat bot
आपका साथी