महिला डाक्‍टर की हत्‍या में आरोपित पति के करीब पहुंची पुलिस, कुछ संदिग्‍धों को उठाया Aligarh news

क्वार्सी थाना क्षेत्र के रमेश विहार कालोनी में महिला डाक्टर आस्था अग्रवाल की हत्या में पुलिस आरोपित पति अरुण के करीब पहुंच गई है। पुलिस ने गैर राज्यों में डेरा डाल रखा है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने रविवार को कुछ संदिग्ध लोगों को उठाया।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 05:03 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 05:04 PM (IST)
महिला डाक्‍टर की हत्‍या में आरोपित पति के करीब पहुंची पुलिस, कुछ संदिग्‍धों को उठाया Aligarh news
महिला डाक्टर आस्था अग्रवाल की हत्या में पुलिस आरोपित पति अरुण के करीब पहुंच गई है।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। क्वार्सी थाना क्षेत्र के रमेश विहार कालोनी में महिला डाक्टर आस्था अग्रवाल की हत्या में पुलिस आरोपित पति अरुण के करीब पहुंच गई है। पुलिस ने गैर राज्यों में डेरा डाल रखा है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने रविवार को कुछ संदिग्ध लोगों को उठाया। उनसे पूछताछ के बाद अरुण की लोकेशन भी मिल गई है। माना जा रहा है कि सोमवार को पुलिस घटना का पर्दाफाश कर सकती है।

कोरोना कंट्रोल रूम में तैनात थी डा आस्‍था अग्रवाल

कोरोना कंट्रोल रूम में तैनात डा. आस्था अग्रवाल की उन्हीं के घर में गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। उनका शव 13 अक्टूबर को रमेश विहार स्थित घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला था। इस मामले में कासिमपुर में राधिका आक्सीजन प्लांट चलाने वाले पति अरुण समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ। तभी से पुलिस पति की तलाश में जुटी है। अरुण का फोन बंद है। अलग-अलग टीमें अलीगढ़ के आसपास जिलों के अलावा गैर राज्यों में भी डेरा डाले हुए हैं। वहीं रविवार को पुलिस ने शक के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की तो अहम सुराग मिले हैं। पुलिस को अरुण की लोकेशन भी मिल गई है। ऐसे में सोमवार रात में पुलिस अरुण को गिरफ्तार भी कर सकती है। एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि टीमें आरोपित के करीब पहुंच गई हैं। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

हत्या में अन्य लोग भी थे शामिल 

सूत्रों के मुताबिक, आस्था की हत्या में पति के अलावा और लोग भी शामिल हो सकते हैं। इनकी संख्या तीन से अधिक हो सकती है। पुलिस को इस दिशा में ठोस जानकारी भी मिली है।

टप्पल में किशोर से कुकर्म, मुकदमा दर्ज

टप्पल । टप्पल थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोर के साथ कुकर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। आरोपित फरार है। टप्पल क्षेत्र के एक गांव में रहने वाला 19 वर्षीय युवक गांव के ही 11 वर्षीय किशोर को साइकिल चलाने का लोभ देकर अपने घर ले गया था। आरोप है कि घर में किशोर के साथ कुकर्म किया गया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस को घटना दी जानकारी दी गई। वीडियो भी दिखाया। लेकिन, राजनीतिक दबाव के चलते मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि घटना 14 अक्टूबर की है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित के घर पर ताला लगा है। उसकी तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी