अलीगढ़ में बसपा कार्यालय में तोड़फोड़ करने वालों को चिह्नित कर रही पुलिस

पुलिस ने सात नामजद व 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इनमें कुछ लोग हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे हैं। इसकी भी पुलिस तस्दीक कर रही है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 12 Mar 2021 01:56 AM (IST) Updated:Fri, 12 Mar 2021 01:56 AM (IST)
अलीगढ़ में बसपा कार्यालय में तोड़फोड़ करने वालों को चिह्नित कर रही पुलिस
अलीगढ़ में बसपा कार्यालय में तोड़फोड़ करने वालों को चिह्नित कर रही पुलिस

जासं, अलीगढ़ : बसपा के खैर रोड कैंप कार्यालय में तोड़फोड़ व मारपीट करने वाले लोगों को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चिह्नित करना शुरू कर दिया है। पुलिस ने सात नामजद व 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इनमें कुछ लोग हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे हैं। इसकी भी पुलिस तस्दीक कर रही है। दूसरे पक्ष के पांच लोगों ने भी पुलिस को तहरीर देने की बात कही है।

खैर रोड बाईपास पर जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह के कैंप कार्यालय पर बुधवार दोपहर को पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की थी। जिलाध्यक्ष की तहरीर पर थाना बन्नादेवी में संदीप पाटिल, विशेष शर्मा, अभय कुमार बंटी, राजकुमार गौतम, अनिल निगम, कपिल सूर्यवंशी व 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ द्वितीय राघवेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी में कुछ लोग कुर्सियां तोड़ते दिख रहे हैं। इन्हें चिह्नित किया जा रहा है। इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जिलाध्यक्ष पक्ष पर लगाए आरोप

दूसरे पक्ष के लोगों ने पुलिस को लिखी तहरीर मीडिया को भेजी हैं। एक तहरीर में राजकुमार ने चुनाव लड़ने के लिए रुपये लेने तक की बात कही गई है। आरोप है कि जिलाध्यक्ष के भाई ने पहले से असामाजिक तत्व बुला रखे थे। उन्होंने ही तोड़फोड़ की। अनिल कुमार व अमित कुमार ने भी रुपये लेने का आरोप लगाया है। अभय ने घड़ी, पर्स व चेन छीनने का आरोप लगाया है। सीओ राघवेंद्र सिंह ने कहा कि कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो जांच करने के बाद ही मुकदमा लिखा जाएगा।

chat bot
आपका साथी