गिरोह के पर्दाफाश के बाद मुंबई में बेचे गए बच्चे की तलाश में पुलिस Aligarh news

बच्चा चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करने के बाद पुलिस अब मुंबई में बेचे गए बच्चे की तलाश में जुट गई है। इसके लिए एसएसपी ने मुंबई पुलिस से संपर्क कर लिया है। संभावना है कि अलीगढ़ पुलिस की एक टीम मुंबई जाए।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 09:54 AM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 10:06 AM (IST)
गिरोह के पर्दाफाश के बाद मुंबई में बेचे गए बच्चे की तलाश में पुलिस  Aligarh news
पुलिस ने छापेमारी कर पांच बच्‍चों को बरामद किया।

अलीगढ़, जेएनएन।  बच्चा चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करने के बाद पुलिस अब मुंबई में बेचे गए बच्चे की तलाश में जुट गई है। इसके लिए एसएसपी ने मुंबई पुलिस से संपर्क कर लिया है। संभावना है कि अलीगढ़ पुलिस की एक टीम मुंबई जाए। इधर, गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।

पुलिस ने चलाया था आपरेशन खुशी

थाना महुआखेड़ा क्षेत्र के सरोज नगर में सड़क किनारे झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले राजा की दो वर्षीय शिवानी 22 जून की रात गायब हो गई थी। इससे पहले भी गांधीपार्क क्षेत्र से ऐसे ही परिवारों के दो बच्चे गायब हुए थे। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बच्चों की तलाश के लिए 'आपरेशन खुशी' चलाया था। एसएसपी ने बताया कि रविवार शाम को पुलिस ने बोरना तिराहे से तीन लोगों को पकड़ लिया। आरोपितों ने अपने नाम दुर्योधन (गंगा नगर, अलीगढ़), अनिल (साहिबाबाद, गाजियाबाद) और शुभम (हसायन, हाथरस) बताए। दुर्योधन मूलरूप से एटा जिला के ग्राम अनारपुर और अनिल मध्यप्रदेश के सागर जिले का है।

13 अन्‍य आरोपित भी दबोचे

पूछताछ में पता चला कि तीनों लोग बच्चा चोरी करने वाले गिरोह के सरगना हैं। इनकी निशानदेही पर पांच बच्चे बरामद किए गए। अन्य 13 आरोपित भी गिरफ्तार कर लिए गए। एसएसपी ने बताया कि यह गिरोह गाजियाबाद से लेकर अलीगढ़ तक बच्चे चोरी करते थे। झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले परिवारों के बच्चों को टारगेट किया जाता था। गिरोह ने छह बच्चों के बारे में बताया, जिनमें पांच बरामद कर लिए गए। वहीं एक बच्चे के मुंबई में बेचे जाने की जानकारी मिली है। इसकी तलाश में टीमें लगी हुई हैं।

chat bot
आपका साथी