अलीगढ़ में कांग्रेस नेता राजेश राज जीवन को पुलिस ने हिरासत में लिया, हंगामा

जनसमस्याओं को लेकर नगर निगम में ज्ञापन देने गए थे सभा करने से पुलिस ने रोका थाने से दबाव में छोड़ा।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 01:41 AM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 01:44 AM (IST)
अलीगढ़ में कांग्रेस नेता राजेश राज जीवन को पुलिस ने हिरासत में लिया, हंगामा
अलीगढ़ में कांग्रेस नेता राजेश राज जीवन को पुलिस ने हिरासत में लिया, हंगामा

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : समस्याओं को लेकर नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता राजेश राज जीवन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। आखिरकार पुलिस को दबाव में बिना किसी कार्रवाई के थाने से रिहा करना पड़ा।

राजेश सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ नारेबाजी करते हुए शुक्रवार को सड़क, पेयजल, बिजली, शौचालय आदि से जनसमस्याओं को लेकर नगर निगम कार्यालय सेवाभवन पहुंचे थे। यहां अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

सभा करने से रोकने पर विरोध

ज्ञापन के बाद कांग्रेसी वहीं सभा करने लगे। इंस्पेक्टर सिविल लाइन रविद्र कुमार दुबे ने बिना अनुमति सभा करने से मना किया तो उनकी कांग्रेस नेता से नोकझोंक हो गई। पुलिस कर्मियों ने कांग्रेस नेता को जीप में बिठा लिया। जैसे ही पुलिस लेकर चलने लगी, कार्यकर्ताओं ने जीप को घेर लिया और उन्हें छोड़ने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर जीप को जाने नहीं दिया। पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल जीप को बाहर निकलवाया और कांग्रेस नेता को थाना सिविल लाइन भिजवा दिया।

थाने में भी हंगामा : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्यौराज जीवन भी थाने पहुंच गए। यहां उन्होंने राजेश को हिरासत में लेने पर नाराजगी जताई। काफी देर तक थाने में हंगामा चलता रहा। पुलिस ने राजेश को रिहा कर दिया। इस दौरान सफाई कर्मचारी नेता आनंद शास्त्री, नितिन चौहान, राजकुमार खन्ना, सुनील टुंडा, बबलू कमल, महेंद्र राठौर, जयप्रकाश लल्ला पहलवान, राजू सोल्जर, सुनील कुमार, बबलू मुंशी, मनीष राठौर आदि मौजूद रहे। उधर, कांग्रेस नेता राजीव लीडर ने कांग्रेस नेता राजेश राज जीवन से पुलिस की अभद्रता व हिरासत में लेने की कड़ी निदा की है। इंस्पेक्टर सिविल लाइन ने बताया कि बिना अनुमति सभा करने से रोका गया था, बाद में गलती का एहसास होने पर थाने से छोड़ दिया गया।

chat bot
आपका साथी