Police Office : तोड़ा जाएगा सीओ द्वितीय का दफ्तर, ये है वजह Aligarh News

सीओ द्वितीय का दफ्तर ढहाने की तैयारी हो रही है। दफ्तर नगर निगम की जमीन पर बना हुआ है जिसे ध्वस्त करके शापिंग कांप्लेक्स बनाया जाएगा। दो दिन पहले नगर निगम की टीम ने दफ्तर का मौका मुआयना किया।

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Publish:Fri, 09 Apr 2021 11:53 AM (IST) Updated:Fri, 09 Apr 2021 11:53 AM (IST)
Police Office : तोड़ा जाएगा सीओ द्वितीय का दफ्तर, ये है वजह Aligarh News
सीओ द्वितीय का दफ्तर ढहाने की तैयारी हो रही है।

अलीगढ़, जेएनएन। बारहद्वारी में स्थापित करीब ढाई दशक पुराना सीओ द्वितीय का दफ्तर ढहाने की तैयारी हो रही है। दफ्तर नगर निगम की जमीन पर बना हुआ है, जिसे ध्वस्त करके शापिंग कांप्लेक्स बनाया जाएगा। दो दिन पहले नगर निगम की टीम ने दफ्तर का मौका मुआयना किया। साथ ही पुलिस को नोटिस भी भेजा है। ऐसे में सीओ दफ्तर के लिए नई जगह की तलाश शुरू हो गई है। बारहद्वारी में ही एक जगह का चयन भी हुआ है। लेकिन, अभी जगह फाइनल नहीं हो सकी है। 

 पुराने हैं सर्किल दफ्तर 

दरअसल, शहर में आने वाले तीनों सर्किल के दफ्तर काफी पुराने हैं। इनमें सीओ प्रथम का दफ्तर करीब 35 साल से कोतवाली थाना में ही स्थित है। पिछले माह ही इसे माडिफाइ करके रिवाइज किया गया है। जबकि सीओ तृतीय का आफिस शुरू से ही पुलिस लाइन में ही है। वहीं सीओ द्वितीय का दफ्तर ढाई दशक पहले रेलवे रोड स्थित नगर निगम की पुरानी बिल्डिंग में हुआ करता था। लेकिन, वहां मार्केट बनने के बाद वर्ष 1995-96 में इसे बारहद्वारी में शिफ्ट कर दिया गया। समय-समय पर इसका नवीनीकरण तो होता रहता है। लेकिन, दफ्तर के आसपास गंदगी की भरमार रहती है। गांधीपार्क व बन्नादेवी के लोगों को भी यहां आने में परेशानी होती है। बारिश में यहां पानी तक भर जाता है। इधर, जहां सीओ दफ्तर स्थापित है, वो जगह नगर निगम की है। निगम यहां पर शापिंग कांप्लेक्स बनाने की तैयारी कर रहा है। दो दिन पहले पुलिस को नोटिस भेजा गया है कि सीओ दफ्तर को कहीं और शिफ्ट किया जाए। इसके लिए जमीन की तलाश की गई है। जब तक नए सीओ दफ्तर का निर्माण होगा, तब तक इसका कामकाज पुलिस कार्यालय से ही संचालित होगा। 

बरला सीओ का दफ्तर होगा शिफ्ट 

पुलिस कार्यालय में बना सीओ बरला का दफ्तर भी शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। दरअसल, बरला सर्किल में आने वाले अकराबाद, विजयगढ़, बरला, गंगीरी व छर्रा थाना क्षेत्र के लोगों को यहां तक आने में पुलिस कार्यालय तक आने में दिक्कतें होती हैं।एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि सीओ बरला का दफ्तर उसी क्षेत्र में शिफ्ट किया जाएगा। 

जर्जर चौकियां के लिए जमीन की तलाश

शहर में कई चौकियां ऐसी हैं, जो जर्जर हालत में हैं या एक छोटे से बाक्स के अंदर संचालित होती हैं। जैसे गांधीपार्क थाना क्षेत्र की नौरंगाबाद चौकी और क्वार्सी क्षेत्र की सुरेंद्र नगर चौकी में लोगों के बैठने तक की व्यवस्था नहीं है। वहीं देहलीगेट थाना क्षेत्र की घुड़ियाबाग चौकी की हालत भी जर्जर है। एसपी सिटी ने बताया कि ऐसी चौकियों के लिए नई जगह तलाश की जाएगी। इनका जल्द ही नवीनीकरण होगा। 

नगर निगम की तरफ से नोटिस मिला था। इसके तहत सीओ द्वितीय के दफ्तर को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। बारहद्वारी में ही स्कूल के पास एक जमीन देखी गई है। लेकिन, अभी फाइनल नहीं है। जल्द ही जमीन की तलाश करके नया दफ्तर बना दिया जाएगा। 

- कुलदीप सिंह गुनावत, एसपी सिटी 

बारहद्वारी में शापिंग कांप्लेक्स बनाने का प्रस्ताव है। इसका निर्माण भी शुरू हो चुका है। इस जगह पर सीओ दफ्तर व जो आवास बने हुए हैं, उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा।  

- प्रेम रंजन सिंह, नगरायुक्त

chat bot
आपका साथी