खेलो इंडिया में अलीगढ़ को मिली दूसरे स्टेडियम की सौगात, ये होंगी सुविधाएं

खेला इंडिया में केंद्र सरकार ने जिले को बड़ी सौगात दी है। धनीपुर ब्लॉक के अलहदादपुर में स्टेडियम निर्माण को मुहर लगा दी है।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Publish:Sun, 17 Feb 2019 06:55 PM (IST) Updated:Mon, 18 Feb 2019 08:54 AM (IST)
खेलो इंडिया में अलीगढ़ को मिली दूसरे स्टेडियम की सौगात, ये होंगी सुविधाएं
खेलो इंडिया में अलीगढ़ को मिली दूसरे स्टेडियम की सौगात, ये होंगी सुविधाएं

अलीगढ़ (सुरजीत पुंढीर)। 'खेला इंडिया' में केंद्र सरकार ने जिले को बड़ी सौगात दी है। धनीपुर ब्लॉक के अलहदादपुर में स्टेडियम निर्माण को मुहर लगा दी है। 40 बीघा क्षेत्रफल में बनने वाले इस स्टेडियम के लिए सरकार ने कुल 6.10 करोड़ स्वीकृति किए हैं। इनमें पहले किस्त में 2.50 करोड़ का बजट जारी भी हो गया है। निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन को दी गई है। एक साल में इन्हें यह निर्माण पूरा करना है। इस स्टेडियम में ओलंपिक खेलों की सभी सुविधाएं होंगी।

एक साल पहले प्रस्ताव
मोदी सरकार ने सत्ता में आने के बाद 2015 में राजीव गांधी खेल अभियान को खेलो इंडिया में तब्दील कर दिया था। इसके तहत देश भर में प्रतिभाओं को निखारने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में स्टेडियम बनाने का फैसला लिया गया। इसी क्रम में पिछले साल केंद्र सरकार ने सभी प्रदेशों से स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव मांगे थे। इस पर यूपी से करीब 144 प्रस्ताव भेजे गए थे। इसमें अलीगढ़ जिले के अलहदादपुर का भी स्टेडियम शामिल था।

18 पर लगी मुहर
अब सरकार ने प्रस्तावों पर मुहर लगानी शुरू कर दी है। पहले चरण में यूपी के 18 स्टेडियमों पर मुहर लगी हैं। इसमें अलहदादपुर का स्टेडियम भी शामिल है। सरकार ने इस स्टेडियम के निर्माण के लिए कुल 6.10 करोड़ के बजट को स्वीकृति दी है। इसमें 2.50 करोड़ का बजट जारी भी कर दिया है। गुरुवार को शासन स्तर से विशेष सचिव देवेंद्र सिंह कुशवाह ने युवा कल्याण अधिकारी को एक पत्र भेजकर इसकी पुष्टि की है।

यह होंगी सुविधा
सरकार ने उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन को स्टेडियम के निर्माण की जिम्मेदारी है। एक साल में यह काम पूरा करना है। इसमें स्टेडियम में मल्टीपर्पज हाल, चेजिंग रूम, रनवे, क्रिकेट पिच बाउंड्रीवाल समेत ओलंपिक खेलों से जुड़ी सभी सुविधाएं होंगी।

रहता था अधिक बोझ
अब तक जिले में रामघाट रोड स्थित अहिल्याबाई होल्कर ही एक मात्र स्टेडियम था। ऐसे में शहरी क्षेत्र के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी भी यहीं पर प्रैक्टिस करते हैं। इससे स्टेडियम में अधिक बोझ रहता है। कई बार खिलाडिय़ों को अपनी बारी का घंटो इंतजार करना पड़ता था। अब अहलदादपुर में स्टेडियम बनने से राहत मिलेगी।

ऐसे रखी गई थी नींव
अलहदादपुर निवासी हॉकी खिलाड़ी युवराज वाल्मीकि, देवेंद्र वाल्मीकि 2013 में एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में पाकिस्तान को हराने के बाद काफी चर्चाओं में आए थे। इसी दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि व छात्र नेता अर्जुन सिंह भोलू ने इनका गांव में स्वागत किया। तत्कालीन डीएम राजीव रौतेला भी इसमें गए।इसी दौरान इन्होंने स्टेडियम की घोषणा की। 2015 में 40 बीघा सरकारी जमीन को युवा कल्याण विभाग के नाम स्थानांतरण कर दिया गया था।

अहम बातें
-धनीपुर ब्लॉक के अहलदादपुर में स्टेडियम के लिए 6.10 करोड़ हुए स्वीकृति
-पहली किस्त में 2.50 करोड़ का बजट हुआ जारी, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
-प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन को दी है निर्माण की जिम्मेदारी
-40 बीघा क्षेत्रफल का होगा दायरा, अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम के बाद होगा दूसरा

खिलाडिय़ों को होगा फायदा
हॉकी खिलाड़ी सुनील सिंह का कहना है कि अब तक प्रैक्टिस के लिए शहर जाना पड़ता था। अब स्टेडियम के लिए यहीं पर प्रैक्टिस कर सकेंगे। अन्य खिलाडिय़ों को भी फायदा होगा। एथलेटिक्स नीरज सिंह का कहना है कि खेल के लिए गांव में कोई भी मैदान नहीं था। इससे दिक्कत होती थी। अब स्टेडियम बनने से यहीं पर दौड़ लगा सकेंगे।

देहात की प्रतिभा निखरेगी
प्रधान पति अर्जुन सिंह भोलू का कहना है कि 2013 के बाद से ही मैं इसके लिए प्रयासरत हूं। अब यह सौगात मिली है। अब देहात क्षेत्र की प्रतिभाएं भी निखर सकेंगी।

chat bot
आपका साथी