हाथरस सिटी जंक्‍शन पर चौबीस घंटे में दौड़ रहीं मात्र तीन लोकल ट्रेन, यात्री परेशान Hathras news

हाथरस जागरण संवाददाता। ट्रेनों की संख्या नहीं बढ़ने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर से शाम तक सिटी स्टेशन पर सन्नाटा पसरा रहता है। यात्रियों को भी ट्रेनें नहीं होने बसों में अधिक किराया देकर यात्रा करने को बाध्य हैं।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 05:07 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 05:08 PM (IST)
हाथरस सिटी जंक्‍शन पर चौबीस घंटे में दौड़ रहीं मात्र तीन लोकल ट्रेन, यात्री परेशान Hathras news
हाथरस में पर्याप्त संख्या में ट्रेन नहीं होने से सिटी स्टेशन पर दोपहर के समय पसरा सन्नाटा।

हाथरस, जागरण संवाददाता। ट्रेनों की संख्या नहीं बढ़ने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर से शाम तक सिटी स्टेशन पर सन्नाटा पसरा रहता है। यात्रियों को भी ट्रेनें नहीं होने बसों में अधिक किराया देकर यात्रा करने को बाध्य हैं। ट्रेनों के पर्याप्त संख्या नहीं चलने से ही जिले डग्गेमार वाहन चांदी काट रहे हैं।

कोरोना में बंद ट्रेनों की व्‍यवस्‍था अब भी बेपटरी

कोरोना काल में बंद हुई ट्रेनों की व्यवस्था अभी भी पटरी पर नहीं आ पा रही है। हालांकि रोडवेज व अन्य परिवहन के साधनों की भरमार है। वहीं ट्रेनों के लिए अभी लोग तरस रहे हैं। सरकार के आदेश पर रेलवे द्वारा ट्रेनों का संचालन बढ़ा दिया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे के हाथरस सिटी स्टेशन आज भी ट्रेनों के लिए यात्री तरस रहे हैं। लोकल ट्रेनों की संख्या बस यहां पर नाम मात्र के लिए चलाई जा रही है। जो नाकाफी साबित हो रही हैं। 24 घंटे में 22.15 बजे, 06.32 बजे व 12.34 बजे की मात्र तीन ट्रेनों का संचालन हो रहा है। कोरोना काल से पहले यहां से करीब छह जोड़ा लोकल ट्रेनों का संचालन होता था। इसके बाद यहां सभी स्टेशनों पर सन्नाटा पसरा रहता है।

किराया बढ़ा पर नहीं बढ़ी ट्रेनों की संख्या

रेलवे कोरोना काल के बाद ट्रेनों में किराया करीब तीन गुना कर दिया। लोकल ट्रेन में हाथरस से मथुरा तक का किराया 10 रुपये था। उसे अब 30 रुपये कर दिया गया है। वहीं रोडवेज की बस में यही किराया 52 रुपये है। इसीलिए यात्रियों के लिए ट्रेनें पहली पसंद बनी हुई हैं। उसके बाद भी ट्रेनों की संख्या नहीं बढ़ाई गई है।

चांदी काट रहे डग्गेमार वाहन

ट्रेनों के पर्याप्त संख्या में नहीं होने से डग्गेमार वाहन की संख्या बढ़ गई है। इनमें निजी बसें, ईको व अन्य छाेटे वाहन शामिल हैं। यह बरेली से मथुरा तक दौड़ रहे हैं। अधिक किराया देकर व जान जोखिम में डालकर यात्रा करने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। हाथरस सिटी सहित मुरसान, मेंडू, हाथरस रोड, रति का नगला सहित सभी स्टेशनों के यात्री परेशान हैं।

इनका कहना है

ट्रेनों की संख्या नहीं बढ़ने से यात्रियों को दिक्कताें का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते यात्रियों को अधिक किराया देकर दिक्कतें झेलते हुए डग्गेमार वाहनों में यात्रा करना पड़ रहा है।

- कीर्तन बिहारी शर्मा, यात्री

यात्रियों की सुविधा के लिए कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। दीपावली पर्व के चलते भी यात्रियों की संख्या बढ़ी है। उसके बाद भी ट्रेनों की संख्या में इजाफा नहीं किया जा रहा है।

- विशन कुमार गुप्ता, यात्री

यात्रियों की समस्याओं को रेलवे प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य रेलवे परामर्शदात्री द्वारा किया जाता है। ट्रेनों की संख्या में जल्द इजाफा हो जाएगा। इससे यात्रियों को सहुलियतें मिलेंगी।

- सौरभ वर्मा, सदस्य रेलवे परामर्श दात्री समिति

यात्रियों की सुविधा के लिए 18 अक्टूबर से दो जोड़ा यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा रहा है। इनका स्टाप हाथरस सिटी स्टेशन पर भी दिया गया है। यात्रियों की संख्या को देखते हुए आगे भी विचार किया जाएगा।

- बीसी मीना, मंडलीय वाणिज्यिक निरीक्षक

chat bot
आपका साथी