अलीगढ़ में अब प्लाट की बढ़ी मांग, फ्लैट की चाल सुस्त

कोरोना काल के बाद ताला-तालीम के शहर अलीगढ़ में प्लाट व मकान की मांग बढ़ी है। लोग खुद के बनवाए मकानों को अधिक पसंद कर रहे हैं। फ्लैटों की चाल सुस्त है। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण समेत निजी बिल्डरों के सैकड़ों फ्लैट खाली पड़े हैं।

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 07:04 AM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 07:04 AM (IST)
अलीगढ़ में अब प्लाट की बढ़ी मांग, फ्लैट की चाल सुस्त
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण समेत निजी बिल्डरों के सैकड़ों फ्लैट खाली पड़े हैं, खरीदार नहीं मिल रहे हैैं।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। कोरोना काल के बाद ताला-तालीम के शहर अलीगढ़ में प्लाट व मकान की मांग बढ़ी है। लोग खुद के बनवाए मकानों को अधिक पसंद कर रहे हैं। फ्लैटों की चाल सुस्त है। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण समेत निजी बिल्डरों के सैकड़ों फ्लैट खाली पड़े हैं, खरीदार नहीं मिल रहे हैैं। कुछ चुनिंदा बिल्डरों के यहां ही फ्लैट खरीदने के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं। नवरात्र में भी बड़े स्तर पर प्लाट की बुकिंग हुई है। बिल्डरों का दावा है कि दीपावली तक इसमें और बढ़ोतरी होगी। लोग डेढ़ सौ से ढाई सौ वर्गगज तक के प्लाट व मकान पसंद कर रहे हैं।

कोरोना ने बदली सोच, फ्लैट से अच्छा मकान

जानकार मानते हैं कि कोरोना ने लोगों की सोच को काफी हद तक बदला है। पिछले कुछ सालों से लोगों में बहुमंजिला इमारत की चाहत सिर चढ़कर बोल रही थी, लेकिन अब कोरोना के बाद लोगों का फ्लैट के बजाय मकान और प्लाट में ज्यादा रुझान दिख रहा है। अकेले अलीगढ़ में ही 70 फीसद से ज्यादा लोग प्लाट ही पसंद कर रहे हैं। छोटे मकान भी लोगों को पसंद आ रहे हैं। बिल्डरों द्वारा बनाए जाने वाले सौ से दो सौ वर्ग गज तक मकानों की भी खूब बिक्री हो रही है।

महंगा हो रहा आशियाना बनाना

अब दिनों दिन आशियाना बनाना महंगा होता जा रहा है। इसके पीछे का कारण डीजल की कीमत में लगातार वृद्धि है। डीजल के दामों के साथ ही भवन सामग्री की कीमतों में भी धीरे-धीरे उछाल आने लगा है। पिछले कुछ दिनों में ही बालू, गिट्टी व मौरंग के दामों में बढ़ोतरी हुई है। सरिया की कीमत में भी तेजी से इजाफा हो रहा है। इसके चलते बिल्डरों को आशियानों की कीमत में भी बढ़ोतरी करनी पड़ी है। इसी के चलते ग्राहक भी छिटक रहे हैं।

पहले के मुकाबले रीयल एस्टेट के बाजार की स्थिति लगातार बेहतर हो रही है। फ्लैट के साथ प्लाट के प्रति भी लोगों का रुझान बढ़ रहा है। कोरोना काल में खरीदारों की संख्या में अच्छी खासी बढ़ोतरी हुई है।

प्रवीन मंगला, सीएमडी ओजोन सिटी

पांच-छह साल पहले रीयल एस्टेट की जो स्थिति थी, अभी वहां तक पहुंचने में काफी समय लगेगा। हालांकि, अब कुछ लोगों का रुझान बढ़ रहा है। दीपावली तक इसमें और तेजी से बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

योगेश गुप्ता, कावेरी समूह

रीयल एस्टेट की मार्केट अब काफी अच्छी है। समय के साथ इच्छुक लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। लोग फ्लैट अधिक पसंद कर रहे हैं। नवरात्र में बड़ी संख्या में लोगों ने फ्लैट खरीदने की इच्छा जताई है।

विजय यादव, सीएमडी, बायंत बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड

अलीगढ़ के लोगों को अपना मकान बनाने में अधिक रुचि है। अब हमारे पास अधिकतर नक्शे डेढ़ सौ से ढाई सौ वर्ग गज तक के आ रहे हैं। हालांकि, महंगाई बढऩे से निर्माण कार्य की रफ्तार जरूर सुस्त हुई है।

देवेश, सिविल इंजीनियर

chat bot
आपका साथी