कोई भी नामांकन वापस नहीं, अब सदस्य करेंगे अध्यक्ष का फैसला

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को नाम वापसी का दिन था लेकिन कोई भी नामांकन वापस नहीं हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 29 Jun 2021 08:24 PM (IST) Updated:Tue, 29 Jun 2021 08:24 PM (IST)
कोई भी नामांकन वापस नहीं, अब  सदस्य करेंगे अध्यक्ष का फैसला
कोई भी नामांकन वापस नहीं, अब सदस्य करेंगे अध्यक्ष का फैसला

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को नाम वापसी का दिन था, लेकिन जिले में किसी भी दावेदार ने पर्चा वापस नहीं लिया। अब भाजपा दावेदार विजय सिंह व सपा की अर्चना यादव के बीच सीधा मुकाबला होगा। जिला पंचायत सदस्य ही इनके सियासी भविष्य का फैसला करेंगे। तीन जुलाई को मतदान व मतगणना प्रस्तावित है। प्रशासन ने इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलक्ट्रेट में पूरा चुनावी कार्यक्रम होगा।

जिले में कुल 47 जिला पंचायत सदस्य हैं। इनमें एक को अध्यक्ष चुना जाना है। शनिवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन हुए थे। जिले में दो दावेदारों ने नामांकन किए थे। इनमें भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे व एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया के समधी श्योराज सिंह की पत्नी विजय सिंह व सपा से बंदायू के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव की बहन अर्चना यादव शामिल थीं। इसी दिन शाम को ही इन दोनों के नामांकन पत्रों की जांच कर ली गई। इसमें सब कुछ सही मिला। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नाम वापस का दिन था। प्रशासन ने सुबह से ही इसकी तैयारी कर ली थी। कलक्ट्रेट पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। वहीं, आरओ-एआरओ भी सुबह 11 बजे से नामांकन कक्ष में बैठे रहे, लेकिन निर्धारित समय दोपहर तीन बजे तक कोई भी दावेदार पर्चा वापस लेने नहीं पहुंचा। ऐसे में अब जिले में तीन जुलाई को चुनाव होना तय हो गया है। सुबह 11 से लेकर दोपहर तीन बजे तक कलक्ट्रेट के डीएम न्यायालय कक्ष में मतदान होगा। इसके बाद मतगणना होगी। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि चुनाव को लेकर तैयारी पूरी हो गई है।

chat bot
आपका साथी