Wah Re Police : अलीगढ़ में रात की सुरक्षा राम के हवाले, सो रहे रखवाले Aligarh news

रात के समय सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। सर्दियों की रात बदमाशों के लिए कमाऊ हो जाती हैं। ऐसे में सुरक्षा बड़ी चिंता होती है। लेकिन गुलाबी सर्दी में गुरुवार की रात अलीगढ़ शहर की सुरक्षा व्यवस्था पुलिस को आइना दिखाने लायक थी।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 06:05 AM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 06:16 AM (IST)
Wah Re Police : अलीगढ़ में रात की सुरक्षा राम के हवाले, सो रहे रखवाले Aligarh news
दैनिक जागरण की टीम को रात 12 से करीब ढाई बजे तक अधिकांश चौराहे व तिराहों पर पुलिस नही दिखी।

सुमित शर्मा और रिंकू शर्मा, अलीगढ़। रात के समय सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। सर्दियों की रात बदमाशों के लिए कमाऊ हो जाती हैं। ऐसे में सुरक्षा बड़ी चिंता होती है। लेकिन, गुलाबी सर्दी में गुरुवार की रात अलीगढ़ शहर की सुरक्षा व्यवस्था पुलिस को आइना दिखाने लायक थी। दैनिक जागरण की टीम को रात 12 से करीब ढाई बजे तक अधिकांश चौराहे व तिराहों पर पुलिस नजर नहीं आई। दावों में तो शहर में 141 चेकिंग प्वाइंट हैं। 65 प्वाइंट देहात में हैं। इन पर हर रोज रात के समय पुलिस पिकेट तैनात होती है। पुलिस गश्त भी होती है। लेकिन, हकीकत इससे उलट थी। दो थानों में केवल मुंशी मिले। 14 पुलिस चौकियों में से 10 पर ताले लगे हुए थे। 14 चौराहों में से 10 पर पुलिस पिकेट नहीं थी।

थाने के गेट पर संतरी नहीं

सबसे व्यस्त रहने वाला रामघाट तालानगरी से लेकर क्वार्सी चौराहे तक गुरुवार की रात करीब 12 बजे सुनसान था। डीपीएस के सामने पिकेट गायब थी, जबकि यहां कई बार घटनाएं हो चुकी हैं। जीवीएम माल चौकी में कोई नहीं था। 12 बजकर 20 मिनट पर क्वार्सी थाने के बाहर सन्नाटा था। अंदर प्रभारी का कैबिन खाली था। केवल मुंशी काम में लगे थे। टीम को किसी ने नहीं टोका। थोड़ा आगे रामघाट रोड चौकी पर नीली-लाल बत्ती तो जल रही थीं। लेकिन, चौकी बंद थी। कृषि फार्म तिराहे पर सन्नाटा पसरा था। 12.35 बजे एक पीआरवी मैरिस रोड की तरफ से गश्त करती दिखी। दोदपुर रोड पर भी लैपर्ड घूम रही थी। पौने एक बजे सिविल लाइन थाने के गेट पर संतरी नहीं था। अंदर मुंशी अपने काम में लगे थे।

रात का हाल

12ः00 -तालानगरी चौकी पर एक व्यक्ति सोता मिला।

12.15-क्वार्सी चौराहे पर पुलिस का बूथ बंद था।

12.30 -केला नगर चौराहे पर सिपाही नजर नहीं आया।

1.00- एएमयू सर्किल पर चेक पोस्ट की बैरिकेडिंग साइड में थी। चेकिंग नहीं हो रही थी।

1.05 -कलेक्ट्रेट तिराहा से तस्वीर महल तक कोई सिपाही न था।

1.10 - पुलिस लाइन और एसएसपी कार्यालय के बाहर पहरे पर कोई न था।

1.20-घंटाघर चौराहा, स्टेट बैंक तिराहे पर गश्त नहीं मिली।

1.25 -सेंटर प्वाइंट चौराहे पर तीन पुलिसकर्मी खड़े मिले।

1.35 -रेलवे स्टेशन के पास ढाबे-होटल खुले थे। तिराहे पर लैपर्ड थी।

1.45 -रसलगंज चौकी खाली थी।

1.50 -गांधीपार्क रोडवेज बस अड्डे की चौकी पर पुलिसकर्मी मुस्तैद थे।

1.55- मामू -भांजा बाजार में लैपर्ड नंबर 56 पर तैनात सिपाही शुभम अकेले ही मोर्चा संभाले हुए थे।

2.00- तांगा स्टैंड के पास पीएसी के कुछ जवान मुस्तैद थे।

2.05 -संवेदनशील इलाके ऊपरकोट स्थित सब्जी मंडी चौराहे पर पुलिस अलर्ट मिली।

2.15 -दुबे का पड़ाव और किशनपुर तिराहे पर पिकेट नहीं थी।

2.30 -सुरेंद्र नगर, एटा चुंगी और नौरंगाबाद चौकी पर ताले लगे थे।

सुरक्षा के ये हैं इंतजाम

02 एसपी हैं जिले में, एक देहात, एक नगर

09 सीओ सर्किल हैं अलीगढ़ में

31 थाने हैं जिले में, 14 देहात में और 17 शहर में

182 पुलिस चौकी हैं, 93 देहात में और 89 शहर में

18 प्रमुख चौराहे हैं शहर में, 43 कुल चौराहे व तिराहे हैं

141 चेकिंग प्वाइंट हैं शहर में, 65 प्वाइंट हैं देहात में

79 यूपी पीआरवी 112 हैं जिले में, 91 लैपर्ड हैं

इस साल हुई वारदातें

वर्ष 2021

हत्या- 82

डकैती-02

लूट-123

चोरी- 184

छिनैती- 61

दुष्कर्म- 186

छेड़छाड़- 243

इनका कहना है

पुलिस की जिम्मेदारी है कि मुस्तैद रहे, जिससे रात में निकल रहे लोगों को मदद मिल सके। वारदात न हो सकें। यदि रात में चौराहे और चौकी खाली रही हैं तो मैं कप्तान से बात करूंगा। शहर की सुरक्षा बड़ी जिम्मेदारी है।

संजीव राजा, शहर विधायक

रात की घटनाओं पर पूर्ण लगाम है। चोरों व नकबजनों के खिलाफ अभियान चलाकर गैंगस्टर व हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई लगातार जारी है। इनका सत्यापन भी किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के तहत शहर के चौराहों पर लगे कैमरों के माध्यम से भी सघन निगरानी की जा रही है। मुख्य प्वाइंट्स पर ड्यूटी लगी हुई हैं। अगर कोई गैरहाजिर है तो उसके कारणों का पता लगाया जाएगा। इसके अलावा गैरजनपद से फोर्स अलीगढ़ जनपद को मिलने वाला है। प्रशिक्षण पा रहे चार सौ सिपाही भी जल्द ही मिल जाएंगे। इससे जहां-जहां फोर्स की कमी है, उसकी भरपाई हो जाएगी। साथ ही कोहरा शुरू होते ही रात में फोर्स को दोगुना किया जाएगा।

कलानिधि नैथानी, एसएसपी

chat bot
आपका साथी