अलीगढ़ में यात्रा भत्ता न मिलने पर बिफरे नगर निगम के पार्षद, अफसरों ने मांगा समय

नगर निगम के बोर्ड अधिवेशन में गहमा-गहमी के बीच 4.27 अरब रुपये के बजट पर सदन की मुहर लग गई। यात्रा भत्ता पार्षद वेलफेयर फंड समय से एजेंडा न मिलने से नाराज पार्षदों ने हंगामा भी किया। नारेबाजी करते हुए कुर्सियां उठा लीं। लेखाधिकारी पर मनमानी करने के आरोप लगाए।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 08:52 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 08:52 PM (IST)
अलीगढ़ में यात्रा भत्ता न मिलने पर बिफरे नगर निगम के पार्षद, अफसरों ने मांगा समय
अलीगढ़ में यात्रा भत्ता न मिलने पर बिफरे नगर निगम के पार्षद, अफसरों ने मांगा समय

जासं, अलीगढ़ : नगर निगम के बोर्ड अधिवेशन में गहमा-गहमी के बीच 4.27 अरब रुपये के बजट पर सदन की मुहर लग गई। यात्रा भत्ता, पार्षद वेलफेयर फंड, समय से एजेंडा न मिलने से नाराज पार्षदों ने हंगामा भी किया। नारेबाजी करते हुए कुर्सियां उठा लीं। लेखाधिकारी पर मनमानी करने के आरोप लगाए। नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने यात्रा भत्ता समेत अन्य मांगों पर विचार करने लिए समय मांगा है। पार्षदों ने भी सहमति जता दी।

अधिवेशन इस बार रविवार को नुमाइश स्थित एसएसपी कैंप कार्यालय में हुआ। अधिवेशन के शुरुआत में ही पार्षद अलका गुप्ता ने नियमानुसार 96 घंटे पहले कुछ पार्षदों को एजेंडा न मिलने पर सवाल उठाए। एक पार्षद पति ने जमकर विरोध किया। सचिवालय सचिव विनय राय को इस पर क्षमा मांगनी पड़ी। पार्षद अनिल सेंगर ने पार्षदों को यात्रा भत्ता न मिलने का मुद्दा उठा दिया। उन्होंने कहा कि हर बार बैठक, अधिवेशन में इस पर चर्चा होती है, लेकिन कोई निर्णय नहीं लिया जाता। पार्षदों के हित की जब भी बात होती है तो नियम गिना दिए जाते हैं। पार्षदों ने कहा कि ये पैसा क्या लेखाधिकारी की जेब से जा रहा है। मेयर मोहम्मद फुरकान ने सात दिन का समय मांगा, लेकिन पार्षद अधिवेशन में ही निर्णय लेने की जिद करने लगे और नारेबाजी शुरू कर दी। तब नगर आयुक्त ने लेखाधिकारी व पार्षद अनिल सेंगर को मंच पर बुलाकर 20 मिनट मंथन किया। अधिनियम खंगाले गए। नगर आयुक्त ने पार्षदों की मांग जायज ठहराते हुए विचार करने को कुछ वक्त मांगा। पार्षद वीरेंद्र सिंह ने बजट में हेड हटाने, पुनरीक्षित बजट को पास कराने, यूजर चार्ज, बजट में एक मद से दूसरे मद में परिवर्तित करने के अधिकार पर सवाल उठाए और सुझाव भी दिए। लेखाधिकारी राजेश गौतम ने वित्तीय वर्ष (2021-22) का बजट पेश करते बताया कि अनुमानित प्रस्तावित व्यय चार अरब, 27 करोड़, चार लाख, 50 हजार रुपये व 31 मार्च 2022 को अनुमानित अंतिम अवशेष 55 करोड़, 95 लाख, 88 हजार, 87 रुपये सर्वसम्मति से पास किया गया है। अधिवेशन में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. शिवकुमार, अधिशासी अभियंता निर्माण अशोक कुमार भाटी, स्टेनो देशदीपक, मीडिया सहायक एहसान रब समेत नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी व पार्षद मौजूद थे। एक नजर में बजट

- फरवरी,2021 को प्रारंभिक अवशेष-1,31,14,32,487.19

- बजट (2021-22) की अनुमानित प्रस्तावित आय- 3,51,86,05,600

- कुल योग 4,83,00,38,087.19

- बजट (2021-22) का अनुमानित प्रस्तावित व्यय- 4,27,04,50,000

- 31 मार्च 2022 को अनुमानित अंतिम अवशेष- 55,95,88,087.19

.......

बोर्ड अधिवेशन में विकास कार्यों के लिए बजट पास हुआ है। अब शहर के विकास की ओर ध्यान देना होगा। इसके लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है।

मोहम्मद फुरकान, मेयर पार्षदों ने कुछ मांगें रखी हैं, इन पर विचार किया जा रहा है। बारहद्वारी प्रोजेक्ट की तरह पांच अन्य स्थानों पर कामर्शियल कांप्लेक्स बनाने के लिए भूमि के चयन की प्रक्रिया चल रही है।

प्रेम रंजन सिंह, नगर आयुक्त

chat bot
आपका साथी